भारतीय दौरे पर आए: न्यूजीलैंड पीएम लक्सन और नेवी चीफ गोल्डिंग ने स्वदेशी विध्वंसक जहाज सूरत के बारे में ली जानकारी

- न्यूजीलैंड पीएम ने मुंबई के नौसेना शिपयार्ड का किया दौरा
- विध्वंसक युद्धपोत आईएनएस सूरत के बारे में जानकारी ली
- आत्मनिर्भर भारत का एक शानदार उदाहरण आईएनएस सूरत
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय दौरे पर आए न्यूजीलैंड पीएम क्रिस्टोफर लक्सन और न्यूजीलैंड नेवी के चीफ रियर एडमिरल गारिन गोल्डिंग ने आज गुरूवार को मुंबई के नौसेना शिपयार्ड का दौरा कर इंडियन नेवी के नवीनतम और देश में निर्मित विध्वंसक युद्धपोत आईएनएस सूरत के बारे में जानकारी ली।
आपको बता दें आईएनएस सूरत को इसी वर्ष 15 जनवरी को नौसेना के बेड़े में शामिल किया गया था। जो कि भारतीय नौसेना का नवीनतम निर्देशित मिसाइल विध्वंसक है। इसे पूरी तरह से स्वदेश में बनाया गया है। जिसे मुंबई के मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स द्वारा निर्मित और भारतीय नौसेना के युद्धपोत डिजाइन ब्यूरो द्वारा डिजाइन किया गया है। यह जहाज आत्मनिर्भर भारत का एक शानदार उदाहरण है और इसमें 75 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री है।
पश्चिमी नेवी कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल संजय जे सिंह ने उनका गर्मजोशी से जोरदार स्वागत किया। उन्होंने सम्मानीय और गणमान्य न्यूजीलैंड पीएम और नेवी चीफ को युद्धपोत के जटिल डिजाइन, अत्याधुनिक टेक्नीक और अदम्य महापराक्रमी क्षमताओं के बारे में गहनता पूर्वक जानकारी दी। आईएनस सूरत से राष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका की झलक मिली।
रविवार से न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन पांच दिन की भारत यात्रा पर हैं। पदभार संभालने के बाद उनकी यह पहली आधिकारिक यात्रा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर उनकी यात्रा 20 मार्च तक है। लक्सन की यात्रा का उद्देश्य भारत और न्यूजीलैंड के बीच दीर्घकालिक और द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देना है।
Created On :   20 March 2025 8:02 PM IST