Naxalite surrender: एनकाउंटर के डर से 50 नक्सलियों ने किया सरेंडर, अमित शाह बोले - मार्च 2026 के बाद इतिहास बन जाएगा 'नक्सलवाद'

एनकाउंटर के डर से 50 नक्सलियों ने किया सरेंडर, अमित शाह बोले - मार्च 2026 के बाद इतिहास बन जाएगा नक्सलवाद
  • नक्सलियों के खिलाफ एक्शन मोड में केंद्र सरकार
  • बीजापुर में 68 के 50 इनामी नक्सलियों ने किया सरेंडर
  • अमित शाह ने किया फैसले का स्वागत

डिजिटल डेस्क, रायपुर। केंद्र की मोदी सरकार नक्सलियों के खिलाफ एक्शन मोड में है। देश के अलग-अलग नक्सल प्रभावित इलाके में माओवादियों पर एक के बाद एक कार्रवाई की जा रही है। इस बीच छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में रविवार को 50 नक्सलियों ने सरेंडर किया है। इनमें 14 नक्सलियों पर 68 लाख रुपए का इनाम घोषित है। ये सभी 1 से लेकर 8 लाख रुपए तक के इनामी हैं। ये नक्सली पिछले कई सालों से नक्सल संगठनों के साथ जुड़कर काम कर रहे थे। अब उन्होंने हथियार छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नक्सलियों के सरेंडर की जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए खुशी जाहिर की। उन्होंने नक्सलियों के सरेंडर करने के फैसले का स्वागत किया और कहा कि सभी का पुनर्वास कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि 31 मार्च 2026 के बाद नक्सलवाद देश में इतिहास में बन जाएगा।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नक्सलियों के सरेंडर की जानकारी देते हुए कहा, 'बहुत हर्ष का विषय है कि बीजापुर (छत्तीसगढ़) में 50 नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण किया। हिंसा और हथियार छोड़कर विकास की मुख्यधारा में शामिल होने वालों का मैं स्वागत करता हूं। पीएम मोदी की नीति स्पष्ट है कि जो भी नक्सली हथियार छोड़कर विकास का मार्ग अपनाएंगे, उनका पुनर्वास कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा।'

इस वजह से किया सरेंडर

बीजापुर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने कहा कि नक्सलियों ने खोखली और अमानवीय माओवादी विचारधारा, प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं द्वारा आदिवासियों के शोषण और आंदोलन के अंदर पनप रहे मतभेदों का हवाला देते हुए सरेंडर किया है। वे सुरक्षा बलों द्वारा शिविर लगाने और 'निया नेल्लनार' (आपका अच्छा गांव) योजना से भी प्रभावित हैं, जिसके तहत बल और प्रशासन दूरदराज के इलाकों में बुनियादी सुविधाएं प्रदान कर रहे हैं।'

बता दें कि 1 जनवरी 2024 से लेकर मार्च 2025 तक इन 15 महीनों में केवल बीजापुर जिले में ही 141 नक्सलियों का एनकाउंटर किया गया है। वहीं 656 नक्सलियों की गिरफ्तारी हुई है और 346 नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़ दिया है।

Created On :   30 March 2025 11:23 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story