बयान पर बवाल: मल्लिकार्जुन खरगे ने की PM मोदी पर टिप्पणी, अब चिराग पासवान ने दी प्रतिक्रिया, याद दिलाए घोटाले

- कांग्रेस पर चिराग पासवान का हमला
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाली टिप्पणी पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस एक व्यक्ति का विरोध करते हुए यह भूल जाती है कि पूरे देश का अपमान हो रहा है। पासवान ने कहा कि कांग्रेस वही पार्टी है जिसके कार्यकाल के दौरान देश में बड़े-बड़े घोटाले हुए। वहीं, पीएम मोदी की सराहना करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने भ्रष्टाचार और घोटालों को कंट्रोल किया है।
कांग्रेस पर जोरदार प्रहार
चिराग पासवान ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि मैं कांग्रेस की मानसिकता को समझ ही नहीं पाया कि वो एक व्यक्ति का विरोध करते-करते, वो ये भी भूल गए कि वो देश का अपमान कर रहे हैं। यह वही लोग हैं जिनके कार्यकाल में एक से एक बड़े घोटाले इस देश ने देखे हैं।
पीएम मोदी की सराहना
पीएम मोदी की तारीफ करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि आज देश के एक ऐसे प्रधानमंत्री जिन्होंने देश में घोटालों पर, भ्रष्टाचार पर नियंत्रण लगाने का काम किया है। एक ऐसे प्रधानमंत्री जिन्होंने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का मान बढ़ाने का किया है। आप नीतियों का विरोध करें लेकिन एक व्यक्ति का विरोध करते-करते इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना, यह बिल्कुल उचित नहीं है।
क्या है पूरा मामला?
गुजरात की राजधानी अहमदाबाद में कांग्रेस के 84वें अधिवेशन के आखिरी दिन (9 अप्रैल) मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरे देश को बेच देंगे और चले जाएंगे। इसी बयान पर चिराग पासवान ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
Created On :   9 April 2025 6:37 PM IST