एमवी लीला नॉरफॉक जहाज हाईजैक मामला: नेवी ने एमवी लीला नोरफोक से 15 भारतीय को सुरक्षित निकाला, समुद्री लुटेरों ने जहाज को किया था हाईजैक, देखें वीडियो

- सोमालिया कोस्ट में हाईजैक हुआ था जहाज
- एमवी लीला नॉरफॉक नाम के इस जहाज में सवार हैं 15 भारतीय
- इंडियन नेवी ने किया बचाव अभियान शुरू
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सोमालिया तट के पास हाइजैक हुए एमवी लीला नॉरफॉक जहाज में सवार 15 भारतीयों को भारतीय नौसेना ने सही सलामत बचा लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नौसेना ने भारतीयों के अलावा जहाज में सवार 6 और क्रू मेंबर को भी बचा लिया है। बता दें कि हाईजैक होने के तुरंत बाद नौसेना ने एक्शन लेते हुए सोमालिया तट के पास ऑपरेशन शुरू कर दिया था। उसने अपने सबसे ताकतवर युद्धपोत आईएनएस चेन्नई को जहाज को इस ऑपरेशन में लगाया था। जहाज के करीब पहुंच कर नौसेना के मरिन कमांडो हेलीकॉप्टर से उस पर उतरे और समुद्री लुटेरों को चेतावनी दी। जिसके बाद लुटेरे जहाज छोड़कर फरार हो गए।
न्यूज एजेंसी एएनआई ने नौसेना के अधिकारी के हवाले से बताया कि भारतीय नौसेना के प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने भारतीय युद्धपोतों को समुद्री लुटेरों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। एजेंसी के मुताबिक व्यापारिक जहाजों पर हमलों को रोकने के लिए अरब सागर में भारतीय नौसेना के 4 युद्धपोत तैनात किए गए हैं।
आईएनएस चेन्नई ने एक बार फिर दिखाया कमाल
हाइजैक हुए एमवी लीला नॉरफॉक को रेस्क्यू करने में भारतीय नौसेना का सबसे ताकतवर युद्धपोत आईएनएस चेन्नई ने सबसे बड़ी भूमिका निभाई। इसमें मौजूद समुद्र गश्ती विमान की सहायता से नौसेना के मरिन कमांडो हाईजैक वाले जहाज पर पहुंचे। जहां उन्होंने रेस्क्यू अभियना चलाया।
लगातार की जा रही निगरानी
एजेंसी की खबर के मुताबिक भारतीय युद्धपोत आईएनएस चेन्नई ने सवा तीन बजे एमवी लीला को रोका। नेवी गश्ती विमान और ड्रोन की मदद से अरब सागर में कड़ी निगरानी कर रही है। नेवी की ओर बताया कि एमपीए, प्रीडेटर, एमक्यू9बी और integral helos के जरिए हम जहाज की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
ब्रिटिश सैन्य संगठन ने दी थी सूचना
जहाज के हाईजैक होने की सूचना यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने 4 जनवरी को दी थी. बता दें कि यूकेएमटीओ, एक ब्रिटिश सैन्य संगठन है, जो कि रणनीतिक जलमार्गों में से गुजरने वाले जहाजों की एक्टिविटीज पर नजर रखता है.
बता दें कि इससे पहले सोमालिया के पास ही एक और जहाज हाईजैक हो गया था। एमवी रुएन नाम के इस जहाज को समुद्री लुटेरों ने अरब सागर में माल्टा के करीब हाईजैक कर लिया था। जैसे ही इस घटना की जानकारी इंडियन नेवी मिलते ही वो एक्टिव हो गई थी। उसने तुरंत ही एक युद्धपोत जहाज समुद्री गश्ती विमान के साथ को रेस्क्यू करने के लिए भेजा। जिसके बाद हाईजैक जहाज को रेस्क्यू करा लिया गया था।
Created On :   5 Jan 2024 7:53 PM IST