उत्तरप्रदेश: आईआईटी कानपुर में डेढ़ महीने के भीतर दुष्कर्म का दूसरा मामला आया सामने

आईआईटी कानपुर में डेढ़ महीने के भीतर दुष्कर्म का दूसरा मामला आया सामने
  • पुलिस ने छात्रा का मेडिकल कराया
  • अब कोर्ट में छात्रा के बयान दर्ज होगे
  • साइबर सिक्योरिटी प्रोजेक्ट में कार्यरत इंजीनियर ने प्रोजेक्ट मैनेजर पर लगाया आरोप

डिजिटल डेस्क, कानपुर। उत्तरप्रदेश के कानपुर में स्थित आईआईटी में दो महीने से कम समय में ही दुष्कर्म का दूसरा मामला सामने आया है।

आईआईटी कानपुर में साइबर सिक्योरिटी प्रोजेक्ट में कार्यरत एक इंजीनियर ने प्रोजेक्ट मैनेजर पर गलत काम करने का आरोप लगाया है। इंजीनियर युवती ने प्रोजेक्ट मैनेजर के खिलाफ शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाते हुए कल्याणपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। आपकी जानकारी के लिए बता दें युवती ने दो दिन पहले रिपोर्ट दर्ज कराई। बीते दिन पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया। जांच में जुटी पुलिस गोपनीय तरीके से पड़ताल कर रही है। आरोपी को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है।

आपको बता दें आईआईटी कानपुर में डेढ़ महीने के भीतर यह दूसरा केस है। इससे पहले आईआईटी की ही एक रिसर्च स्कॉलर ने 12 दिसंबर 2024 को कल्याणपुर थाने में एसीपी मोहसिन के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया है।

मिली जानकारी के अनुसार नॉर्थ ईस्ट की रहने वाली युवती आईआईटी कानपुर के एक साइबर सिक्योरिटी प्रोजेक्ट में इंजीनियर है। इंजीनियर लड़की ने आरोप लगाया है कि इंदौर के रहने वाले प्रोजेक्ट मैनेजर शुभम मालवीय ने शादी का झांसा देकर एक साल से उसके साथ दुष्कर्म किया है। अब जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो उसने उसके साथ मारपीट की और धमकी दी। युवती ने आईआईटी प्रशासन को इसकी जानकारी दी। उसके बाद कल्याणपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला सामने आने के बाद आईआईटी प्रशासन ने छह सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी है।

पुलिस ने शिकायत मिलने पर आरोपी शुभम मालवीय के खिलाफ शादी का झांसा देकर यौन शोषण, धमकी और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी को लेकर पुलिस अधिकारी ने कहा छात्रा का मेडिकल करा लिया गया है, अब जल्द ही उसका मजिस्ट्रेटी बयान भी दर्ज कराया जाएगा।

Created On :   30 Jan 2025 7:10 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story