Delhi Railway Station Stampede: दिल्ली स्टेशन भगदड़ कांड पर बवाल जारी, कांग्रेस-TMC ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वेष्णव की उठाई इस्तीफे की मांग

- दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात मची भगदड़
- कांग्रेस-TMC ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
- अश्विनी वेष्णव की उठी इस्तीफे की मांग
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात भगदड़ से बड़ा हादसा हो गया था। इस दौरान 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि, दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे के बाद कांग्रेस केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर हमलावर है। कांग्रेस ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की है। जबकि, तृणमूल कांग्रेस ने केंद्र पर भगदड़ को छिपाने का आरोप लगाया है।
सुप्रीया श्रीनेत का कांग्रेस पर हमला
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, "रेल मंत्री को इस घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देना चाहिए। यदि वह ऐसा नहीं करते, तो उन्हें बर्खास्त कर देना चाहिए।" इस दौरान उन्होंने रेलवे के कुप्रबंधन को लेकर सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि हर घंटे 1500 टिकट बेचे जा रहे थे, फिर भी भीड़ नियंत्रण के लिए कोई विशेष उपाय नहीं किया गया।"
इसके बाद उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "यहां दो हिंदुस्तान हैं, एक जहां राजा अपने दोस्तों को कुंभ में वीआईपी स्नान कराता है और दूसरा जहां आम लोग रेलवे प्लेटफॉर्म पर मर रहे हैं।"
टीएमसी ने भी भाजपा को घेरा
कांग्रेस के अलावा पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने भगदड़ कांड को लेकर केंद्र सरकार को घेरा है। टीएमसी ने केंद्र सरकार पर भगदड़ कांड को छिपाने का आरोप लगाया है। इसे लेकर राज्यसभा में टीएमसी की उपनेता सागरिका घोष ने एक्स पर ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा, "पहले मोदी सरकार ने भगदड़ से इनकार किया। फिर इसे अफवाह बताया। इसके बाद उन्होंने कहा कि ‘कुछ लोग घायल’ हुए हैं और जब शव मिलने लगे, तब मजबूरी में मौतों को स्वीकार किया गया।" उन्होंने मोदी सरकार पर 'काम कम, प्रचार ज्यादा' की नीति अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि यह बेहद दुखद और शर्मनाक है।
तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद साकेत गोखले ने भी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव पर हमला बोला। उन्होंने कहा, "रेलवे ने भगदड़ के कई घंटों बाद तक इससे इनकार किया और इसे अफवाह बताया। जब तक शव मिलने नहीं लगे, तब तक सरकार ने सच स्वीकार नहीं किया।" साकेत गोखले ने केंद्रीय रेल मंत्री को बर्खास्त करने या इस्तीफा देने की मांग की है। उन्होंने कहा, "अगर प्रधानमंत्री मोदी को लोगों की जान की चिंता है, तो उन्हें तुरंत अश्विनी वैष्णव को हटा देना चाहिए।"
Created On :   16 Feb 2025 8:03 PM IST