छत्तीसगढ़ मुठभेड़: सुकमा में बड़ा एनकाउंटर, सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, 16 माओवादी ढेर, 2 जवान जख्मी

सुकमा में बड़ा एनकाउंटर, सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, 16 माओवादी ढेर, 2 जवान जख्मी
  • छत्तीसगढ़ के सुकमा में बड़ा एनकाउंटर
  • सुरक्षाबलों ने मार गिराए दर्जनों नक्सली

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के सुकमा में नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ जारी है। इस बीच सुरक्षाबलों ने शनिवार (29 मार्च) को 16 नक्सलियों को मार गिराया है। बताया जा रहा है कि लगातार हो रही गोलीबारी में 2 जवान घायल हो गए। उन्हें फौरन अस्पताल भेजा गया ताकि जल्द से जल्द इलाज करवाया जा सके। पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी कि यह मुठभेड़ सुकमा जिले के केरलापाल थाना क्षेत्र में हो रही है। शुक्रवार रात को जानकारी मिली कि केरलापाल क्षेत्र में माओवादी मौजूद हैं। इसी सूचना के आधार पर अभियान शुरू कर दिया गया। इस ऑपरेशन में जिला रिजर्व गार्ड और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल शामिल हैं।

नक्सलियों के पास से जवानों को क्या मिला?

नक्सलियों के पास से सुरक्षाबल के जवानों ने भारी मात्रा में विस्फोटक सामान और हथियार बरामद किया है। आपको बता दें कि, 2025 में अब तक 116 से भी ज्यादा माओवादियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया है। साथ ही, 104 को अरेस्ट किया गया। जानकारी के अनुसार, साल 2024 में छत्तीसगढ़ में करीब 219 माओवादियों को ढेर किया था। वहीं, 2022-23 में लगभग 30 माओवादी मारे गए थे।

इनामी नक्सली हुआ था ढेर

इससे पहले 25 मार्च को सुरक्षाबलों ने 25 लाख रुपये के इनामी नक्सली सुधीर उर्फ सुधाकर को मार गिराया था। सिर्फ सुधाकर ही नहीं बल्कि 2 अन्य नक्सलियों को को भी ढेर कर दिया था। मारे गए नक्सलियों के पास विस्फोटक बरामद हुआ था।

किन इलाकों में ज्यादा उग्रवाद?

छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में आने वाले बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर और सुकमा को माओवादी उग्रवाद का सेंटर माना जाता है।

Created On :   29 March 2025 10:24 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story