Bijapur Naxalite attack: बीजापुर नक्सली हमले पर कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे, राहुल गांधी समेत अन्य विपक्षी नेताओं ने जताया दुख, सरकार से की ये अपील

- बीजापुर में हुआ साल का सबसे बड़ा नक्सली हमला
- जवानों के वाहन को आईईडी ब्लास्ट कर उड़ाया
- राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिले बीजापुर में सोमवार को नक्सलियों ने नापाक कृत्य को अंजाम दिया। उन्होंने अबूझमाड़ के जंगल से संयुक्त ऑपरेशन से लौट रहे जवानों के वाहन को आईईडी ब्लास्ट से उड़ा दिया। इस घटना में 8 जवान और एक ड्राइवर शहीद हुए। जबकि 6 जवान गंभीर रूप से घायल हुए। इस घटना पर कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों के नेताओं ने दुख जताया।
कायरतापूर्ण नक्सली हमले से दुखी
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में कायरतापूर्ण नक्सली हमले से बहुत दुखी हूं, जहां हमारे जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के आठ बहादुर जवानों और एक ड्राइवर ने राष्ट्र की सेवा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। हमारे साहसी नायकों के परिवारों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदना। आतंक के इस नासमझ कृत्य के खिलाफ देश एकजुट है। नक्सलवाद एक आंतरिक सुरक्षा खतरा है और लोकतंत्र में इसका कोई स्थान नहीं है। केंद्र और राज्य सरकारों को इस खतरे को खत्म करने के लिए और अधिक सक्रिय होना चाहिए, ताकि हमारे सैनिकों का बहुमूल्य जीवन खतरे में न पड़े।"
आतंक के खिलाफ देश एकजुट
वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट पर लिखा, "छत्तीसगढ़ के बीजापुर में हुए कायरतापूर्ण नक्सली हमले में हमारे कई जवानों और वाहन चालक के शहादत की खबर सुनकर बेहद दुख हुआ। शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और घायल जवानों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। आतंक और हिंसा के ख़िलाफ़ पूरा देश एकजुट है। जवानों की शहादत में वृद्धि के कारण राष्ट्रीय सुरक्षा को मेंटेन रखने की सरकार की क्षमता को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।"
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने एक्स पोस्ट पर लिखा, "बीजापुर, छत्तीसगढ़ में हुए नक्सली हमले में बड़ी संख्या में जवानों के शहीद होने का समाचार अत्यंत दुखद है। पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है और कड़े स्वर में इसकी निंदा करता है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। शोक-संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।"
लोकतंत्र विरोधी ताकतों के खिलाफ हम सब एकजुट
कांग्रेस नेता और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक्स पर लिखा, "बीजापुर से आ रही खबर बेहद दुखद है। बीजापुर के कुटरू में माओवादियों ने आईईडी ब्लास्ट कर सुरक्षाबलों के वाहन को उड़ा दिया। इस दुखद घटना में हमारे आठ जवान और एक वाहन चालक के शहीद होने की सूचना है। हम सब शहीदों को अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और उनकी शहादत को कोटि-कोटि सलाम करते हैं। लोकतंत्र विरोधी ताकतों के खिलाफ हम सब एकजुट हैं।"
नक्सलियों को दें मुंहतोड़ जबाव
वहीं इस घटना पर आप सांसद संजय सिंह ने कहा, "यह एक शर्मनाक घटना है। भारत सरकार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जवाब देना चाहिए कि ऐसी घटनाएं क्यों हो रही हैं? जबकि वे दावा करते हैं कि उन्होंने देश से आतंकवाद को खत्म कर दिया है। मैं इस विस्फोट में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। हिंसा के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। गृह मंत्रालय के अधीन एजेंसियों को इसका मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए।"
Created On :   7 Jan 2025 1:54 AM IST