रूसी आक्रमण के बाद पीछे हट रहे यूक्रेनी सैनिक

- यूक्रेनी सशस्त्र बलों ने अपने हथियार डाल दिए हैं और पीछे हट गए हैं
डिजिटिल डेस्क, कीव। मास्को ने जोर देकर कहा है कि यूक्रेन के सैनिक रूस के हमले का सामना करते हुए अपने निर्धारित स्थानों को छोड़कर पीछे हट रहे हैं। गुरुवार को जारी एक बयान में, रूस के रक्षा अधिकारियों ने कहा कि खुफिया जानकारी से पता चला है कि यूक्रेनी सेना और सैनिकों की यूनिट्स अपने निर्धारित स्थानों को छोड़ रही हैं और अपने हथियार डाल रही हैं। आरटी ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया कि बयान को प्रमाणित करने के लिए कोई प्रत्यक्ष प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया गया है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि विज्ञप्ति के अनुसार, यूक्रेनी सशस्त्र बलों ने अपने हथियार डाल दिए हैं और पीछे हट गए हैं, जिन पर हमला नहीं किया जा रहा है। रूसी सशस्त्र बल यूक्रेनी शहरों पर हमला नहीं कर रहे हैं। नागरिक आबादी के लिए कोई खतरा नहीं है। मास्को का कहना है कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा आदेशित विशेष अभियान के हिस्से के रूप में हवाई क्षेत्रों, रक्षा प्रतिष्ठानों और हवाई जहाजों सहित कई सैन्य लक्ष्यों पर उच्च-सटीक हथियारों से हमला किया गया है।
हालांकि, मारियुपोल के मेयर वादिम बाउचेंको ने बाद में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया गया कि शहर में तीन लोग मारे गए और एक बच्चे सहित छह घायल हो गए हैं। मेयर ने हालांकि कहा है कि घबराने की जरूरत नहीं है और हम मारियुपोल और यूक्रेन के लिए लड़ने को तैयार हैं। यूक्रेन के रक्षा मंत्री एलेक्सी रेजनिकोव ने अपने देश के नागरिकों से रूसी हमले का सामना करने के लिए हथियार उठाने का आह्वान किया है। उन्होंने फेसबुक पर लिखा, दुश्मन हमला कर रहा है, लेकिन हमारी सेना अटूट है।
उन्होंने सुरक्षा बलों का साथ देने का आह्रान करते हुए कहा, कोई भी, जो हथियार रखने के लिए तैयार और सक्षम है, वह अब अपने स्थानीय क्षेत्र में प्रादेशिक रक्षा बलों में शामिल हो सकता है। वहीं विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने कीव में एक बयान जारी किया, जिसमें उन्होंने घोषणा की है कि मास्को ने यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने पर आक्रमण शुरू किया है।
उनके अनुसार, यह आक्रामकता का युद्ध है और इसमें यूक्रेन अपना बचाव करेगा और जीतेगा। रिपोर्ट में कहा गया है कि उन्होंने जोर देकर कहा है, दुनिया पुतिन को रोक सकती है और उसे यह करना चाहिए। कार्रवाई करने का समय अब है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने देश में मार्शल लॉ घोषित कर दिया है और नागरिकों से शांत रहने और घर पर रहने का आग्रह किया गया है।
(आईएएनएस)
Created On :   24 Feb 2022 8:00 PM IST