हूती हमले: हूतियों ने हिंद महासागर -लाल सागर में अमेरिकी और इजरायली व्यापारिक जहाजों पर किए मिसाइल हमले

हूतियों ने हिंद महासागर -लाल सागर में अमेरिकी और इजरायली व्यापारिक जहाजों पर किए मिसाइल हमले
  • लाल सागर में जहाज को नुकसान नहीं
  • मिसाइल और ड्रोन से हमला
  • जहाजों ने बदले रास्ता, माल ढुलाई का खर्चा बढ़ा

डिजिटल डेस्क, सना। यमन के विद्रोही अंसार अल्लाह (हूती) आंदोलन ने हिंद महासागर और लाल सागर में तीन अमेरिकी और इजरायली व्यापारिक जहाजों तथा दो अमेरिकी विध्वंसक पोतों पर हमला किया। न्यूज एजेंसी यूनीवार्ता ने इसे लेकर लिखा है कि अलमासिरा ब्रॉडकास्टर ने हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी के हवाले से कहा यमनी सशस्त्र बलों की नौसेना एवं मिसाइल बलों ने तीन संयुक्त अभियान चलाये। पहला हिंद महासागर में अमेरिकी जहाज लारेगो डेजर्ट के खिलाफ, दूसरा हिंद महासागर में इजरायली जहाज एमएससी मेचेला के खिलाफ और तीसरा लाल सागर में मिनर्वा लीसा के खिलाफ अभियान चलाया।

ईरान समर्थित यमन के हूती विद्रोही समूह ने दावा किया कि उन्होंने हिंद महासागर और लाल सागर में तीन जहाजों और दो अमेरिकी विध्वसंक जहाजों पर हमला किया है। हिंद महासागर में लारेगो डेजर्ट और एमएससी मेचेला और लाल सागर में मिनर्वा लिसा तीन जहाजों पर हमला किया है।

एक अन्य खबर के मुताबिक हूतियों के सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी ने एक टेलीविजन भाषण में कहा कि विद्रोही समूह ने जहाजों के खिलाफ हमले में मिसाइलों और अमेरिकी विध्वंसकों के खिलाफ ड्रोन का इस्तेमाल किया था। हालांकि सारी ने यह नहीं बताया कि हमले कब हुए।

खबरों के मुताबिक मिसाइल हमले से लाल सागर में व्यापारिक जहाज को किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ। हमले को लेकर न्यूज एजेंसी एपी ने अपनी रिपोर्ट में लिखा है कि ब्रिटिश सेना के समुद्री व्यापार संचालन केंद्र ने बताया कि यह हमला बाब-अल-मंदाब जलडमरूमध्य के निकट दक्षिणी लाल सागर में हुआ।

आपको बता दें विद्रोही समूह हूती ने नवम्बर में गाजा में इजरायली अभियान शुरू होने के बाद से लगातार लाल सागर क्षेत्र में ड्रोन और मिसाइल से जहाजों को निशाना बनाया है। जो अब हिंद महासागर तक फैल गया है। हूती भूमध्य सागर में भी इजरायली बंदरगाहों की ओर जाने वाले व्यापारिक जहाजों पर हमला कर रहा है। हूतियों के हमले से दुनिया के सबसे व्यस्त जलमार्गों में से एक लाल सागर मार्ग को बदलने पर मजबूर कर दिया है। व्यापारिक जहाज लाल सागर की बजाय दक्षिण अफ्रीका के आसपास लंबी और अधिक लंबी यात्रा कर रहे हैं। जहाजों के रास्ता बदलने से माल ढुलाई का खर्च बढ़ गया है। जिससे महंगाई पर असर पड़ रहा है। लाल सागर में हूतियों के हमले के जवाब में अमेरिका और ब्रिटेन यमन में चरमपंथी संगठन के ठिकानों पर हमले किए हैं।

Created On :   28 May 2024 1:18 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story