राजकीय यात्रा: 1 अप्रैल से 5 दिवसीय भारतीय यात्रा पर आएंगे चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक फॉन्ट

- राष्ट्रपति के रूप में बोरिक की यह पहली भारत यात्रा
- व्यापार और रक्षा समेत कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा
- भारत के संबंध पारंपरिक रूप से मधुर और मैत्रीपूर्ण
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक फॉन्ट, व्यापार और रक्षा सहित कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने के तौर तरीकों पर चर्चा करने के लिए एक अप्रैल को भारत की पांच दिवसीय राजकीय यात्रा पर आएंगे। राष्ट्रपति के रूप में बोरिक की यह पहली भारत यात्रा होगी। पीएम मोदी के निमंत्रण पर फॉन्ट भारत की राजकीय यात्रा पर आएंगे। विदेश मंत्रालय ने आज गुरुवार को इसकी जानकारी दी।
विदेश मंत्रालय ने ऐलान करते हुए कहा कि बोरिक के साथ एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आएगा, जिसमें मंत्री, संसद सदस्य, वरिष्ठ अधिकारी, व्यापार संघ, मीडिया और भारत-चिली सांस्कृतिक संबंधों से जुड़े प्रमुख चिलीवासी शामिल होंगे।
मिली जानकारी के मुताबिक फॉन्ट 5 अप्रैल को चिली लौटने से पहले आगरा, मुंबई और बेंगलुरु जाएंगे। बोरिक 1 अप्रैल को पीएम मोदी के साथ भारत-चिली संबंधों के कई पहलुओं पर चर्चा करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी उनके सम्मान में दोपहर के भोजन का भी आयोजन करेंगे। बोरिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात कर चर्चा करेंगे। राष्ट्रपति भी उनके सम्मान में भोज का आयोजन करेंगे।
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि चिली के साथ भारत के संबंध पारंपरिक रूप से मधुर और मैत्रीपूर्ण रहे हैं। चिली लैटिन अमेरिकी क्षेत्र में भारत का एक महत्वपूर्ण साझेदार है। चिली एलएसी क्षेत्र (लातिन अमेरिका और कैरेबियन) का एकमात्र देश था जिसने 1947 में भारत के स्वतंत्रता दिवस समारोह में विशेष दूत भेजा था।
Created On :   27 March 2025 7:21 PM IST