शम्मी कपूर बर्थ एनिवर्सरी आज, जूनियर आर्टिस्ट के तौर पर की थी करियर की शुरुआत, 150 रुपये थी पहली कमाई

डिजिटल डेस्क मुंबई। अपनी बेहतरीन अदाकारी और डांस के लिए मशहूर दिग्गज अभिनेता शम्मी कपूर का आज जन्मदिन है। शम्मी कपूर का जन्म 21 अक्टूबर 1939 को मुंबई में हुआ था। उनका पूरा नाम शमशेर राज कपूर था। उनके पिता का नाम पृथ्वीराज कपूर था और वे जाने माने अभिनेता थे। उनकी माता का नाम रामसरनी ‘रमा’ मेहरा था। शम्मी कपूर की पहली शादी अभिनेत्री गीता बाली से हुई थी लेकिन 1965 मे चेचक की वजह से गीता की म्रत्यु हो गयी। इसके बाद उन्होंने नीला देवी से भाग कर शादी की थी। उनके एक बेटा है जिसका नाम आदित्य राज और बेटी का नाम कंचन देसाई हैं। शम्मी कपूर बेहद शानदार अभिनेता थे। उन्होंने जंगली, तुमसा नहीं देखा, दिल देके देखो, प्यार किया तो डरना क्या, कश्मीर की कली, जैसी कई हिट फिल्में दी। बॉलीवुड के लिहाज से वह बहुत सुंदर अभिनेता थे बावजूद इसके शम्मी कपूर अपने अभिनय क्षमता के बल पर सबके चहेते बने। वे भले ही आज हमारे बीच में नहीं है लेकिन वे अपनी बेहतरीन अदाकरी के लिए हमेशा लोगों के दिल में रहेंगे।
जूनियर आर्टिस्ट के तौर पर की थी करियर की शुरुआत
शम्मी कपूर का पूरा परिवार फिल्मों से जुड़ा हुआ है। शम्मी के घर पर बचपन से ही फिल्मी माहौल था। उन्होंने पृथ्वी थियेटर से ही अभिनय सीखा था। 1948 में शम्मी कपूर को उनका पहला जॉब मिला था, जहां पर वह एक जूनियर आर्टिस्ट का काम करते थे। इस काम के बदले उनको 150 रुपए प्रति माह तनख्वाह मिलती थी। इसके बाद उन्होंने लैला मजनू, नकाब, तुमसा नहीं देखा, रात की रानी और बसंत जैसी कई ब्लैक एंड व्हाइट फिल्मों में काम किया।
ये थी उनकी पहली कलर फिल्म
1953 में रिलीज फिल्म जीवन ‘ज्योति’ से बतौर अभिनेता उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा था। वर्ष 1961 में आई फिल्म "जंगली" ने शम्मी कपूर को शोहरत की बुलंदियों पर पहुंचा दिया। इस फिल्म के बाद ही वह सभी फिल्मों में एक नृत्य कलाकार के रूप में अपनी छवि बनाने में कामयाब रहे थे। जंगली शम्मी कपूर की पहली कलर फिल्म थी। वहीं ‘जंगली’ फिल्म का गाना ‘याहू’ दर्शकों को खूब पसंद आया। उन्होने जंगली, तुमसा नहीं देखा, दिल देके देखो, सिंगापुर, कॉलेज गर्ल, प्रोफेसर, चाइना टाउन, प्यार किया तो डरना क्या, कश्मीर की कली, सच्चाई जैसी हिट फिल्मों में काम किया। शम्मी कपूर ने मुख्य अभिनेता के रूप में 50 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया है और सहायक भूमिकाओं में 20 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया है। उन्हें 1968 में फिल्म ब्रह्मचारी में अपने प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का फिल्मफेयर पुरस्कार जीता है।
मोटापे के कारण छोड़नी पड़ी थी अदाकारी
अपने बढ़ते मोटापे के कारण शम्मी कपूर को बाद में फिल्मों में मुख्य भूमिकाओं से हटना पड़ा था। लेकिन वे चरित्र अभिनेता के रूप में फिल्मों में काम करते रहे। उन्होंने ‘मनोरंजन’ और ‘बंडलबाज’ नामक दो फिल्मों का निर्देशन भी किया, लेकिन ये फिल्में नहीं चली। चरित्र अभिनेता के रूप में शम्मी कपूर को 1982 में ‘विधाता’ फिल्म के लिए श्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार मिला। उन्हें फिल्मी पर्दे पर आखिरी बार साल 2011 में आई "रणबीर कपूर" की फिल्म रॉकस्टार में देखा गया था। शम्मी कपूर ने 14 अगस्त 2011 को मुंबई के ब्रीज कैंडी अस्पताल में सुबह 5:41 बजे आखिरी सांस ली।
Created On :   21 Oct 2022 10:34 AM IST