दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: यमुना पर सियासत जारी, EC ने केजरीवाल ने पूछे 5 सवाल, कल सुबह तक जवाब देने की मिली मोहलत
- दिल्ली में सियासी हलचल
- चुनाव आयोग ने केजरीवाल से मांगे सबूत
- कल सुबह 11 बजे तक देना होगा जवाब
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ती जा रही है। चुनावी राज्य में यमुना पानी पर सियासत जोरों पर है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर यमुना में जहर मिलाने का दावा किया। केजरीवाल का यह आरोप अब उन्हीं पर भारी पड़ता हुआ नजर आ रहा है। एक ओर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू हो गई है तो वहीं, इलेक्शन कमीशन भी पूर्व सीएम द्वारा दिए गए जवाब से संतुष्ट नहीं है। चुनाव आयोग ने आप संयोजक से 31 जनवरी को सुबह 11 बजे तक जवाब देने का एक और मौका दिया है।
चुनाव आयोग ने पूछे 5 सवाल
आपको बता दें कि, चुनाव आयोग ने हरियाणा सरकार पर लगाए आरोप को सिद्ध करने के लिए केजरीवाल ने सबूत के साथ-साथ पांच सवालों के जवाब मांगे हैं। तो चलिए जानते हैं वह सवाल कौन से हैं?
पहला सवाल- पानी में जहर मिलने का सबूत दिखाएं
दूसरा सवाल- पानी में कौन सा जहर मिलाया गया है?
तीसरा सवाल- जहर किस जगह पाया गया है?
चौथा सवाल- जल बोर्ड के किन इंजीनियर्स ने पानी में जहर होने का पता लगाया?
पांचवा सवाल- राजधानी दिल्ली में यमुना का पानी रोकने के लिए इंजीनियरों ने किस तरीके की मदद ली?
क्या है पूरा मामला
दरअसल, अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री आतिशी ने हरियाणा सरकार पर यमुना में फैक्ट्री का प्रदूषण छोड़ने और पानी को जहरीला बनाने का आरोप लगाया था। साथ ही, सीएम आतिशी और पंजाब के सीएम भगवंत मान ने इसी मुद्दे को लेकर चुनाव आयोग को चिट्ठी भी लिखी थी।
CM आतिशी ने क्या कहा था?
दिल्ली सीएम आतिशी ने कहा था कि चुनाव आयोग से इसकी शिकायत के लिए आज मिलने का समय मांगा है। चुनाव के नजदीक आते-आते बीजेपी कितनी नीच हरकतों पर उतर आई है। दिल्ली में जो पीने का पानी आता है, वो यमुना से आता है। तीन ट्रीटमेंट प्लांट में पानी यमुना के वजीराबाद बैराज से चलता है। हरियाणा की बीजेपी सरकार दिल्ली की पानी सप्लाई बाधित करने के लिए फैक्ट्री का सारा प्रदूषण यमुना में छोड़ रही है।
उन्होंने कहा कि DD8 की जगह पर ये गंदगी यमुना में छोड़ी जा रही है। इसकी वजह से ट्रीटमेंट प्लांट बंद होने के कगार पर आ गए हैं, जिसकी वजह से पानी की सप्लाई भी कई इलाकों में बाधित हो सकती है। NDMC एरिया में भी पानी बंद हो सकता है। चुनाव नजदीक आते ही यमुना में अमोनिया का स्तर भी लगातार बढ़ रहा है। यह जहरीला पानी हरियाणा की बीजेपी सरकार दिल्ली के लिए छोड़ रही है। हिंदू धर्म में पीने के पानी को रोकने का काम पाप है। यह पाप बीजेपी कर रही है।
Created On :   30 Jan 2025 1:34 PM IST