दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: 'पंजाब में AAP का होगा दिल्ली जैसा हाल...', हार के बाद कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा की भविष्यवाणी, केजरीवाल को भी घेरा

- सुखजिंदर सिंह रंधावा का बड़ा दावा
- केजरीवाल पर साधान जोरदार निशाना
- आप की अहम बैठक हुई आज
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस के लोकसभा सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने मंगलवार (11 फरवरी) को दावा किया कि पंजाब भी अरविंद केजरीवाल (पूर्व मुख्यमंत्री) की आम आदमी पार्टी (आप) को नकार देगा और दिल्ली के वोटर्स ने जैसे उन्हें सत्ता से बाहर किया, पंजाब के लोग भी वैसा ही करेंगे। दरअसल, दिल्ली विधानसभा चुनाव में 'आप' की करारी हार के बाद अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, वहां के मंत्रियों और पार्टी विधायकों के साथ एक अहम बैठक बुलाई है। इस बैठक से 'आप' की पंजाब इकाई के अंदर आंतरिक असंतोष की अटकलें लगाई जा रही हैं।
'पार्टी भ्रष्ट है तो वोट न दें'
गुरदासपुर सांसद रंधावा ने कहा कि यह बैठक 'आप' के डर का संकेत है। उन्होंने दिल्ली के लोगों से कहा कि अगर उनकी पार्टी भ्रष्ट है, तो उन्हें वोट न दें। लोगों ने उन्हें नकार दिया। पंजाब में भी यही स्थिति है, जहां कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। उन्होंने कई झूठे वादे किए और अब केजरीवाल को हार का डर है।
रंधावा ने केजरीवाल को घेरा
केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री मान पर कटाक्ष करते हुए रंधावा ने कहा कि केजरीवाल ने कभी दावा किया था कि उन्हें सरकारी आवास नहीं चाहिए। उन्होंने अब अपने लिए 'शीश महल' बनवा लिया है। भगवंत मान ने कभी सुरक्षा लेने से मना कर दिया था, अब पंजाब में सबसे अधिक सुरक्षा प्राप्त कर रहे हैं। केजरीवाल के पंजाब के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभालने की अटकलों पर कांग्रेस नेता ने कहा कि पंजाबी कभी भी बाहरी लोगों को अपना नेता नहीं मानते। अगर केजरीवाल सीएम बनने की कोशिश करते हैं, तो इतिहास में यह लिखा जाएगा कि जैसे अंग्रेजों ने भारत को लूटा, वैसे ही केजरीवाल पंजाब को लूटने आए हैं। मुझे नहीं लगता कि ऐसा होगा, लेकिन अगर ऐसा हुआ, तो पंजाब में जल्द ही मध्यावधि चुनाव होंगे।
AAP की बैठक
अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार (11 फरवरी) को पंजाब के सीएम भगवंत मान के साथ बैठक की। इस मीटिंग में पंजाब के कई सांसद और विधायक भी शामिल हुए। बैठक के बाद सीएम मान ने बताया कि पंजाब में आप सरकार शिक्षा, पानी जैसे अन्य क्षेत्रों में काम कर रही है। वहीं, पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवान ने कहा कि बैठक में दिल्ली में मिली हार का भी मंथन हुआ है।
Created On :   11 Feb 2025 6:37 PM IST