दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: एग्जिट पोल में AAP की हार पर सांसद संजय सिंह का बड़ा बयान,सर्वे कराने वाली कंपनियों पर भी साधा निशाना
![एग्जिट पोल में AAP की हार पर सांसद संजय सिंह का बड़ा बयान,सर्वे कराने वाली कंपनियों पर भी साधा निशाना एग्जिट पोल में AAP की हार पर सांसद संजय सिंह का बड़ा बयान,सर्वे कराने वाली कंपनियों पर भी साधा निशाना](https://www.bhaskarhindi.com/h-upload/2025/02/06/1400826-sanjay-singh-serious-lekin-dukhi-nahi.webp)
- कल सभी 70 सीटों पर हुई वोटिंग
- मतदान के बाद आए एग्जिट पोल के नतीजे
- संजय सिंह ने बीजेपी को घेरा
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद एग्जिट पोल के नतीजे आने के बाद से ही सियासत और गरमा गई है। इस कड़ी में आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने बड़ा दावा किया है। जब मीडिया ने सांसद से एग्जिट पोल के नतीजों के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि आप की घोषणाओं का असर बड़े पैमाने पर देखा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि 8 फरवरी को जब नतीजे आएंगे तो देख लीजिएगा कि किसकी जीत होती है। संजय सिंह के इस बयान से समझ आता है मानों वह एग्जिट पोल के नतीजों से सहमत नहीं हैं। आप नेता ने कहा कि आम आदमी पार्टी दो तिहाई से अधिक बहुमत से बड़ी जीत दर्ज करेगी।
सांसद संजय सिंह का दावा
AAP सांसद संजय सिंह ने एग्जिट पोल पर कहा कि मुझे लगता है कि हमने जो घोषणाएं की थी उसका व्यापक असर चुनाव परिणाम में देखने को मिलेगा। आप 8 फरवरी को परिणाम देख लीजिएगा, अब ज्यादा दिन नहीं बचे हैं।
एग्जिट पोल कंपनियों को सांसद ने घेरा
एग्जिट पोल कराने वाली कंपनियों पर निशाना साधते हुए संजय सिंह ने कहा कि मसाज करने वाली और स्पा चलाने वाली कंपनियां जब एग्जिट पोल में उतर आएं, तो वह पोल कितना सच हो सकता है? अब सच 8 फरवरी को पता चल जाएगा।
संजय सिंह ने आगे कहा कि बीजेपी के कैंपेन उठाकर देखिए तो उनका पूरा प्रचार अभियान निगेटिव था। वह महिलाओं को गालियां देते थे, पार्टी के कार्यकर्ताओं को पीटते थे, आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं से झगड़े करते थे। इतना ही नहीं, अरविंद केजरीवाल के खिलाफ गाली-गलौज करते थे और उनकी गाड़ियों पर हमला करवाते थे। बीजेपी ने न बिजली-पानी पर बात की और न ही शिक्षा और स्वास्थ्य पर। उनका जीतना कैसे संभव है?
क्या रहे एग्जिट पोल के नतीजे?
आपको बता दें कि, ज्यादातर न्यूज चैनल और न्यूज एजेंसी के मुताबिक, दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने की संभावना है। वहीं, आम आदमी पार्टी इस बार चुनाव हार रही है।
Created On :   6 Feb 2025 1:00 PM IST