दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: दिल्ली में हार के बावजूद क्यों खुश है कांग्रेस? AAP की करारी हार से कांग्रेस होगी पंजाब में मजबूत, जानें कैसे?
![दिल्ली में हार के बावजूद क्यों खुश है कांग्रेस? AAP की करारी हार से कांग्रेस होगी पंजाब में मजबूत, जानें कैसे? दिल्ली में हार के बावजूद क्यों खुश है कांग्रेस? AAP की करारी हार से कांग्रेस होगी पंजाब में मजबूत, जानें कैसे?](https://www.bhaskarhindi.com/h-upload/2025/02/10/1402052-khushi.webp)
- केजरीवाल की हार से खुश हैं राहुल गांधी
- पंजाब में कांग्रेस को मिलेगा फायदा
- पंजाब की महिला वोटर्स ने किया था केजरीवाल के घर के बाहर प्रदर्शन
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में करारी हार के बावजूद कांग्रेस खुश है क्योंकि आम आदमी पार्टी अब सत्ता से आउट हो गई है। राजधानी में आप की हार का असर, साल 2027 में पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव में भी देखने को मिलेगा। जिसका पूरा फायदा कांग्रेस उठाएगी और पंजाब की सत्ता हासिल करने की कोशिश करेगी। राष्ट्रीय राजधानी में भले ही कांग्रेस का खाता नहीं खुला लेकिन पंजाब में पार्टी मजबूत है, वह मुख्य विपक्षी दल है। अगर कांग्रेस ने थोड़ा सा भी जोर लगाया तो वह पंजाब की सत्ता पाने में सफल हो सकते हैं।
AAP को हराने की पूरी कोशिश करेगी कांग्रेस
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आम आदमी पार्टी के नेता हैं। आपको बता दें कि, AAP के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के ऊपर पंजाब सरकार में दखल देने के आरोप लग चुके हैं। अब जब दिल्ली से केजरीवाल का सूपड़ा साफ हो गया है तो वह पंजाब की सरकार में और भी ज्यादा दखल दे सकते हैं। वहीं, इसी चीज का फायदा कांग्रेस उठा सकती है। कांग्रेस इसी बात का मुद्दा बनाने की कोशिश कर सकती है और पंजाब के वोटर्स को अपनी ओर कर सकती है।
दिल्ली का उदाहरण देकर पंजाब में बनी सरकार
आप ने पंजाब में दिल्ली मॉडल का उदाहरण देते हुए सत्ता हासिल की थी। लेकिन अब जब वह दिल्ली में ही चुनाव हार गए हैं तो इससे पंजाब में आप की पकड़ कमजोर होने की काफी उम्मीद है।
पंजाब महिलाओं का प्रदर्शन
पंजाब की महिला वोटर्स अरविंद केजरीवाल से खुश नहीं हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि, दिल्ली में विधानसभा चुनाव होने से ठीक पहले पंजाब की महिला वोटर्स ने पूर्व सीएम के आवास के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने खूब नारे लगाए थे। जैसे- ''पंजाब में दिया धोखा अब मांग रहे हैं दिल्ली में मौका, 1000 रुपये का दावा था झूठा तेरा इरादा था।'' आपको बता दें कि, पंजाब में जब विधानसभा चुनाव हुए थे तो आप ने वहां की महिलाओं से वादा किया था कि पार्टी हर महीने हर महिला को एक हजार रुपये देगी।
Created On :   10 Feb 2025 12:59 PM IST