दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: सभी 70 सीटों पर मतदान जारी, राहुल गांधी-वीरेंद्र सचदेवा सहित किन दिग्गज नेताओं ने अब तक डाला वोट?

सभी 70 सीटों पर मतदान जारी, राहुल गांधी-वीरेंद्र सचदेवा सहित किन दिग्गज नेताओं ने अब तक डाला वोट?
  • सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी
  • कई दिग्गज नेताओं ने किया मतदान
  • 8 फरवरी को आएंगे नतीजे

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग बुधवार (5 फरवरी) सुबह 7 बजे से शुरू हो गई है। सभी 70 सीटों पर एक ही चरण में मतदान हो रहे हैं। कुल 699 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर लगी है। राज्य में एक करोड़ से भी ज्यादा वोटर्स अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। आपको बता दें कि, अब तक कई दिग्गज नेताओं ने वोट डाल दिया है। इनमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, कालकाजी सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा, नई दिल्ली से कांग्रेस प्रत्याशी संदीप दीक्षित सहित अन्य का नाम शामिल है। तो चलिए जाते हैं किन-किन नेताओं ने अब तक मतदान किया है।

राहुल गांधी

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अपना वोट डालने के लिए निर्माण भवन स्थित मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मताधिकार का उपयोग किया।

वीरेंद्र सचदेवा

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और उनकी पत्नी पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मयूर विहार फेज 1 स्थित मतदान केंद्र पर वोट डालने के बाद स्याही लगी अपनी उंगली दिखाई। उन्होने वोट डालने के बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली सीएम आतिशी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में डबल इंजन की सरकार बनेगी। दिल्ली की जनता विकसित दिल्ली के लिए वोट करने जा रही है। दिल्ली में अपनी हार स्वीकार कर अरविंद केजरीवाल गुंडागर्दी कर रहे हैं। कल सीएम आतिशी का सहयोगी 5 लाख रुपए के साथ पकड़ा गया और उसके साथ पकड़ा गया ड्राइवर दिल्ली सरकार के शिक्षा विभाग में कार्यरत है।

यह भी पढ़े -जो पार्टी स्वच्छ सरकार देने का वादा करती रही है, उसे अपने 40 प्रतिशत उम्मीदवार बदलने पड़े अरुण भारती

अलका लांबा

कालकाजी विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वोट डालने के बाद स्याही लगी उंगली दिखाई। अलका लांबा ने कहा कि दिल्ली के लोग उत्साहित हैं क्योंकि वे बदलाव और विकास चाहते हैं। अब इस बदलाव को कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने देखा है कि पिछले 10 सालों में दिल्ली को कैसे पीछे ले जाया गया है। मुझे उम्मीद है कि दिल्ली के मतदाता अपने घरों से निकलेंगे और बदलाव लाएंगे।

संदीप दीक्षित

संदीप दीक्षित ने जंगपुरा में अपना वोट डाला। उन्होने कहा कि मतदाता विकास के लिए वोट करने जा रहे हैं। लोगों को एक अच्छे उम्मीदवार को वोट देना चाहिए जो उनकी आकांक्षाओं को पूरा करता हो। मैंने भी उस उम्मीदवार को वोट दिया है जो मुझे जंगपुरा के लिए सबसे अच्छा लगता है। मैं चाहता हूं कि हर कोई बाहर आए और अपना वोट डाले।

बांसुरी स्वराज

दिल्ली चुनाव के लिए वोट डालने के बाद, भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि आज दिल्ली में लोकतंत्र का उत्सव है और मैं राष्ट्रीय राजधानी के मतदाताओं से अपील करती हूं कि वे बड़ी संख्या में बाहर आएं और अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करें ताकि दिल्ली विकसित राष्ट्र की विकसित राजधानी बन सके। आप देखेंगे, 8 फरवरी को केवल कमल ही खिलेगा।

सतीश उपाध्याय

मालवीय नगर से भाजपा उम्मीदवार सतीश उपाध्याय ने हौज खास के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। मतदान के बाद उपाध्याय ने कहा कि मैंने दिल्ली चुनाव के लिए अपना वोट डाल दिया है। कमल खिलना तय है। जिस तरह से सीएम आतिशी का पीए पैसे के साथ पकड़ा गया, जो गुंडागर्दी कर रहे हैं, ये सब अब नहीं चलने वाला है। दिल्ली की जनता सब समझ चुकी है। बड़ी संख्या में मतदाताओं का मतदान केंद्रों पर आना साफ संकेत है कि भाजपा जीतने जा रही है।

यह भी पढ़े -राजनीतिक मुद्दों पर अवाॅर्ड वापस करना समाज, राजनीति और संस्थानों के लिए अच्छा नहीं शत्रुघ्न सिन्हा

Created On :   5 Feb 2025 8:53 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story