दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: पुलिस पर वोट डालने से रोकने के आरोप से लेकर बुर्के पर विवाद तक, जानिए चुनाव में आज क्या-क्या हुआ?
- आज दिल्ली में हुई वोटिंग
- 699 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर
- 8 फरवरी को आएंगे नतीजे
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में बुधवार (5 फरवरी) को सभी 70 सीटों पर विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हुआ। कुल 699 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला 1 करोड़ से भी ज्यादा मतदाता करेंगे। आज का दिन काफी ज्यादा उतार-चढ़ाव वाला रहा। प्रमुख दलों के उम्मीदवार एक दूसरे के खिलाफ लगातार बयानबाजी करते रहे। वहीं, आम आदमी पार्टी सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। साथ ही, सीलमपुर में जमकर हंगामा देखने को मिला। चलिए जानते हैं आज चुनाव में क्या-क्या खास हुआ?
दिग्गज उम्मीदवारों ने दिया मौका
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली चुनाव के लिए मतदान किया। इसके अलावा दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, सीएम आतिशी, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, सांसद संजय सिंह, कांग्रेस प्रत्याशी अलका लांबा और भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार प्रवेश वर्मा सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। साथ ही, दिल्ली के मतदाताओं से वोट करने की भी अपील की।
सीलमपुर में क्यों हुआ हंगामा?
आपको बता दें कि, सीलमपुर में चुनाव के दौरान जोरदार हंगामा हुआ। भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया कि कुछ महिलाएं बुर्का पहन कर आई और फर्जी वोट डाले। पार्टी का दावा है कि कुछ महिला वोटर्स ने शिकायत की कि जब वह वोट डालने गईं तो उनके नाम पर पहले ही वोट डाले जा चुके थे। इसी को लेकर इलाके में खूब बवाल हुआ। हालांकि, पुलिस के मौके पर पहुंचते ही हालात नियंत्रण में आ गए।
सौरभ भारद्वाज का आरोप
आम आदमी पार्टी सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली पुलिस पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राज्य की जिन सीटों पर आप मजबूत हैं, वहां पर पुलिस द्वारा मतदाताओं को पोलिंग बूथ पर जाने के लिए सरेआम रोका जा रहा है। सौरभ भारद्वाज ने पुलिस के इस बर्ताव की कड़ी निंदा की है।
Created On :   5 Feb 2025 5:56 PM IST