दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: पूर्वांचलियों को रिझाने के लिए कांग्रेस ने खेला बड़ा दांव, चुनाव जीतने के बाद क्या देने का किया वादा?
- दिल्ली में सियासी हलचल तेज
- कांग्रेस ने किया बड़ा एलान
- पूर्वांचलियों से किया बड़ा वादा
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर गरमा-गरमी चल रही है। चुनावी राज्य में पूर्वांचलियों को लेकर सियासत जारी है। इस बीच पूर्वांचलियों को रिझाने के लिए कांग्रेस ने बड़ा दांव खेला है। पार्टी ने शुक्रवार (24 जनवरी) को दावा है कि चुनाव जीतने के बाद वह पूर्वांचल मंत्रालय बनाएगी। इसी के साथ कांग्रेस ने विरोधी पार्टियों पर पूर्वांचलियों के साथ बेईमानी करने का भी इल्जाम लगाया है।
कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेता का बड़ा बयान
सुप्रिया श्रीनेता ने कहा कि पूर्वांचलियों ने देश के कोने-कोने में जाकर देश को सृजन करने का काम किया है लेकिन जब पूर्वांचलियों के हक की बात आती है तो उनके साथ बेईमानी की जाती है। सुप्रिया श्रीनेत ने आम आदमी पार्टी को घेरते हुए कहा कि हम भूले नहीं हैं जब अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि यूपी-बिहार के लोग 500 रुपये का टिकट लेकर आते हैं और 5 लाख का इलाज करवाते हैं। उन्होंने ये भी कहा कि पूर्वांचलियों को रोहिंग्या कहने का पाप बीजेपी करती है।
हम बनाएंगे अलग मंत्रालय- कांग्रेस नेता
पूर्वांचल के लोग न सिर्फ पूर्वांचल का गौरव बढ़ाते हैं, बल्कि वे इस देश के नागरिक हैं दिल्ली के नागरिक है। 30-35 लाख लोगों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। ऐसे में उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य समेत तमाम मुद्दों के लिए अलग से डिपार्टमेंट होना चाहिए, इसलिए अगर हम दिल्ली की सत्ता में आए तो पूर्वांचल के लोगों के लिए अलग से मंत्रालय बनाएंगे।
अलका लांबा का आरोप
कांग्रेस प्रत्याशी ने शुक्रवार (24 जनवरी) को कहा कि सच्चाई यह है कि न तो गंगा साफ हुई और न ही यमुना। दोनों के नाम पर खूब राजनीति हुई। गंगा और यमुना की सफाई के नाम पर करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार हुआ। उन्होंने आगे कहा किभारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी की सरकारें एक दशक से सत्ता में हैं, लेकिन हमने कभी नहीं देखा कि दोनों एक साथ एक मेज पर बैठकर राजनीति से ऊपर उठकर समाधान करें। मां गंगा, मां यमुना उनके लिए चुनावी मुद्दे से ज्यादा कुछ नहीं हैं। हमें अगर लोगों ने मौका दिया तो हम कर (यमुना सफाई) दिखाएंगे, हम यमुना का ठीकरा केजरीवाल की तरह पूर्वांचल के लोगों पर नहीं फोड़ेंगे।
Created On :   24 Jan 2025 5:07 PM IST