दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: 'बीजेपी-कांग्रेस वाले पैसे बांटे तो ले लेना', जनसभा में आतिशी का बड़ा बयान, जनता को याद दिलाए वादे

- राजनीतिक गलियारों में हलचल
- आतिशी ने संबोधित की जनसभा
- बीजेपी-कांग्रेस को घेरा
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव जीतने के लिए सभी पार्टियां जोरों से प्रचार-प्रसार में जुटी हुई हैं। आम आदमी पार्टी चुनाव जीतने के लिए खूब जोर लगा रही है। इस बीच मुख्यमंत्री आतिशी ने कालकाजी एक्सटेंशन पॉकेट ए14 में जनसभा को संबोधित कर AAP के लिए समर्थन मांगा। इस दौरान उन्होंने पार्टी द्वारा किए हुए वादे को दोहराया। उन्होंने कहा कि सभी महिलाओं को महिला सम्मान योजना के तहर ही महीने 2100 रुपये मिलेंगे। वहीं, बुजुर्गों का पूरा इलाज फ्री होगा। इसी के साथ उन्होंने भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना भी साधा।
आतिशी ने कांग्रेस-बीजेपी को घेरा
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि बीजेपी और कांग्रेस वाले पैसे, जूते, कंबल, कपड़े बांटे तो ले लेना, लेकिन वोट सिर्फ आप को देना। चुनाव का दिन बहुत जरूरी दिन होता है, क्योंकि जनता वोट एक दिन डालती है, लेकिन उस वोट का असर 5 साल तक चलता है। इसलिए सही जगह पर वोट डालना जरूरी है, जिससे 5 साल तक हमारी जिंदगी में सुधार हो। लेकिन चुनाव के वक्त हर तरह के लोग आकर कई तरह की बात करते हैं। कोई बहलाता है, कोई फुसलाता है तो कोई भड़काता है।
लोगों से वोट की अपील
दआतिशी ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की तारीफ की। साथ ही, अपने लिए जनता से वोट भी मांगा। उन्होंने कहा कि अगर हमने गलती से गलत पार्टी को वोट दिया तो 5 साल तक वोट का फैसला नहीं बदला जा सकता। 5 साल पहले जनता ने मुझे वोट देकर विधायक बनाया। 5 साल पहले जनता ने अरविंद केजरीवाल को मुख्यमंत्री बनाया था। जब से अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री बने, उन्होंने दिल्ली के आम और गरीब लोगों को सुविधा देने का काम किया।
दिल्ली में कितने वोटर्स?
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में कुल 1 करोड़ 55 लाख 24 हजार 858 मतदाता हैं। इनमें से महिला वोटर्स की संख्या 71 लाख 73 हजार 952 है। वहीं, पुरुष मतदाताओं की बात की जाए तो इनकी संख्या 83 लाख 49 हजार 645 है।
दिल्ली में 5 फरवरी को 70 सीटों पर वोटिंग होनी है। वहीं, 8 फरवरी को नतीजों की घोषणा चुनाव आयोग द्वारा की जाएगी।
Created On :   20 Jan 2025 10:07 PM IST