उप्र: कासगंज में घर नहीं बेचा तो दिव्यांग ने महिला को गोली मारी, वीडियो वायरल

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में गुरुवार को घर के बाहर बैठी एक महिला को उसके पड़ोस में रहने वाले एक दिव्यांग युवक ने गोली मार दी। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस हत्याकांड का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक सुशील गुहेल ने बताया कि मामला सोरों थाना क्षेत्र के होडलपुर गांव का है। यहां एक दिव्यांग ने अपने पड़ोस में रहने वाली महिला को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। दरअसल, दिव्यांग युवक इस महिला का घर खरीदना चाहता था, लेकिन वह किसी और के हाथों बेच रही थी। हत्या के दोषी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
आरोपी पहली बार में चूक गया था निशाना
स्थानीय लोगों के अनुसार, 62 वर्षीय ज्ञानवती (शिवशंकर की पत्नी) अपने घर के बाहर बैठी थी। तभी पड़ोस में रहने वाला दिव्यांग मोनू आया और तमंचा निकालकर उसने ज्ञानवती पर फायर कर दिया। पहला निशाना चूक गया। ज्ञानवती घबराकर घर के भीतर भागी, तभी उसका पैर फिसल गया। इसी बीच मोनू ने दूसरा फायर किया तो गोली सीधे ज्ञानवती की पीठ में जा लगी। कुछ ही पल में ज्ञानवती की मौत हो गई।
घटना को अंजाम देकर फरार हुआ आरोपी
आसपास के लोगों ने मोनू को गोली चलाने से रोका था, लेकिन वह वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। इस घटना का पड़ोस में रहने वालों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया है।
Created On :   16 April 2020 10:58 PM IST