युवराज के रिटायरमेंट पर क्रिकेट के दिग्गजों ने दी बधाई, जानिए किसने क्या कहा?
- युवराज सिंह ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान किया
- 37 वर्षीय युवराज ने भारत के लिए अपना आखिरी वनडे मैच 30 जून 2017 को खेला था
- युवराज को उनके शानदार करियर के लिए दुनियाभर के क्रिकेटर बधाई संदेश भेज रहे हैं
डिजिटल डेस्क, मुंबई। 2007 टी-20 वर्ल्ड कप और 2011 क्रिकेट वर्ल्ड कप में जीत के हीरो रहे युवराज सिंह ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान किया। 37 वर्षीय युवराज ने भारत के लिए अपना आखिरी वनडे मैच 30 जून 2017 को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था। संन्यास के बाद युवराज को उनके शानदार करियर के लिए दुनियाभर के क्रिकेटर बधाई संदेश भेज रहे हैं।

भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत ने ट्वीट किया, 'एक भाई। एक मेंटर। एक फाइटर। खेल के दिग्ग्ज और शानदार इंसान को आगे की सफर के लिए शुभकामनाएं।

भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने ट्वीट किया, 'सबसे प्रतिभाशाली भारतीय बल्लेबाजों में से एक ... सबसे बड़े मैच विजेता। गो वैल युवराज सिंह। आपकी दूसरी पारी भी पहली पारी की तरह शानदार हो।'

भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना ने ट्विटर पर पोस्ट किया, 'एक युग का अंत! युवी पा, बल्ले के साथ आपकी क्षमता, शानदार 6s, जबरदस्त कैच और जो अच्छा समय हमने बिताया, उसे वर्षों तक याद किया जाएगा। धन्यवाद युवराज। आपकी दूसरी पारी भी इतनी ही शानदार हो।

इंग्लिश गेंदबाज स्टुअर्ट ब्राड जिनकी गेंदों पर युवराज सिंह ने 6 छक्के लगाए थे ने ट्वीट कर कहा, 'संन्यास का लुत्फ उठाओ दिग्गज।'

इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर केविन पीटरसन ने कहा, 'हैप्पी रिटायरमेंट, पाई चकर। कई ऊंचाईयों और कुछ बहुत ही निराशाजनक लम्हों के साथ एक बहुत ही यादगार करियर। आपने नीली जर्सी पहने हुए अपने पूरे करियर में धैर्य, साहस और गजब की प्रतिभा दिखाई! लव यू।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने ट्वीट कर कहा। 'खिलाड़ी आएंगे और जाएंगे, लेकिन युवराज सिंह जैसे खिलाड़ी आसानी से नहीं मिलते। कई मुश्किल परिस्थितियों का सामना करके बीमारियों को हराया, गेंदबाजों के खिलाफ रन बनाये और दिलों को जीता। जीवटता और इच्छा शक्ति से कई लोगों को प्रेरित किया। आपका जीवन अच्छा रहे। आपको शुभकामनाएं।'

मोहम्मद कैफ, जिन्होंने युवराज सिंह के साथ 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ नेटवेस्ट सीरीज के फाइनल में शानदार साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई थी। उनकी साझेदारी को अभी भी दुनिया भर के लोग याद करते हैं, उन्होंने भी युवी के रिटायरमेंट पर ट्वीट किया। कैफ ने कहा, 'खेल के इतिहास के सबसे महान मैच विजेताओं में से एक, एक फाइटर जिसने कठिन चुनौतियों के बीच एक असाधारण करियर बनाया और हर बार विजेता बना। हम सभी को आप पर बहुत गर्व है। आपको भी खुद पर गर्व होना चाहिए।'

पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण ने ट्वीट कर कहा युवी आपके साथ खेलना शानदार रहा। आप इस खेल के इतिहास में महान खिलाड़ियों में से एक हैं। खेल के प्रति समर्पण, दृढ़ निश्चय और जुनून के लिए आप प्रेरणास्रोत है। शुभकामनाएं।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर ने कहा, 'शानदार करियर पर बधाई प्रिंस युवराज। आप भारत के सर्वश्रेष्ठ सफेद गेंद क्रिकेटर थे। BCCI को आपके करियर को ट्रिब्यूट देने के लिए नंबर 12 की जर्सी को रिटायर करना चाहिए। काश मैं भी आपकी तरह बल्लेबाजी कर सकता। शुक्रिया युवराज।

भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने ट्वीट कर कहा, 'देश के लिए खेलने के लिए शानदार करियर की बधाई पाजी। आपने हमें इतनी सारी यादें और जीत दिलाई हैं। मैं आपको आपकी आगे की लाइफ के लिए शुभकामनाएं देता हूं। आप एक चैंपियन हैं।'

सचिन तेंदुलकर ने युवराज सिंह को बधाई देते हुए इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर की। उन्होंने लिखा- तुम्हारा करियर बेहद शानदार रहा युवी। जब टीम को आपकी जरूरत पड़ी आप एक सच्चे विजेता के रूप में सामने आए हैं। आपने मैदान में और मैदान के बाहर इतने उतार-चढ़ावों के बीच जो लड़ाई लड़ी है वह अद्भुत है। आपकी दूसरी पारी के लिए शुभकामनाएं और जो आपने भारतीय क्रिकेट के लिए किया है उन सभी के लिए धन्यवाद।
Created On :   10 Jun 2019 7:56 PM IST