IPL 2025: धोनी संभाल सकते हैं CSK की कमान, ऋतुराज गायकवाड हुए चोटिल, खेलना संदिग्ध

- चेन्नई के रेगुलर कप्तान ऋतुराज गायकवाड हुए चोटिल
- एमएस धोनी कर सकते हैं टीम की कप्तानी
- टीम के बैटिंग कोच माइकल हसी ने दी जानकारी
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल प्वाइंट्स टेबल में आठवें नंबर पर मौजूद चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी महेंद्र सिंह धोनी कर सकते हैं। वो शनिवार को दिल्ली के खिलाफ होने वाले मैच में टीम की कमान संभाल सकते हैं। दरअसल, टीम के रेगुलर कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ चोटिल हैं जिसकी वजह से उनका खेलना संदिग्ध है। उन्हें राज्स्थान रॉयल्स के खिलाफ कोहनी में चोट लग गई थी।
टीम के बैटिंग कोच माइकल हसी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऋतुराज के नहीं खेलने पर टीम की कप्तानी कौन करेगा, इस सवाल के जबाव में कहा, 'मुझे यकीन है कि फ्लेमिंग और ऋतुराज ने इस बारे में सोचा होगा। लेकिन हमारे पास कुछ युवा खिलाड़ी हैं। वे विकेट के पीछे रहते हैं। शायद वह अच्छा काम कर सकते हैं। मुझे इस बारे में पक्का नहीं पता।'
उन्होंने बताया कि ऋतुराज ने पिछले 2 दिन से ट्रेनिंग नहीं की है। वे आज बल्लेबाजी करने की कोशिश करेंगे। अभी भी उनके हाथ में सूजन है, लेकिन वे हर दिन बेहतर हो रहे हैं। इसलिए, हम आश्वस्त हैं कि वे कल तक ठीक हो जाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि धोनी के पास कप्तानी का अनुभव है, इसलिए शायद वही ये काम करे। लेकिन सच कहूं तो मुझे ठीक से पता नहीं है।
बता दें कि धोनी आईपीएल में 100 मैच जीतने वाले इकलौते कप्तान हैं। उन्होंने टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा 226 मैचों में कप्तानी की है। इस सूची में दूसरे स्थान पर रोहित शर्मा है, जिन्होंने 158 मैचों में कप्तानी की है।
धोनी ने आखिरी बार 2023 के सीजन में टीम की कप्तानी की थी। उनकी कप्तानी में ही टीम ने पांचवी बार आईपीएल की ट्रॉफी उठाई थी। धोनी की कप्तानी में चेन्नई को 133 मैचों में जीत जबकि 91 में हार मिली है।
Created On :   4 April 2025 11:44 PM IST