IPL Match Preview: आज मैदान पर दिखेगा रो-को जलवा, बुमराह की वापसी से मजबूत होगी MI की बॉलिंग, मुंबई में 10 साल से नहीं जीती RCB

- आज आईपीएल भिडेंगे मुंबई और बेंगलुरु
- शाम साढ़े सात बजे शुरु होगा मैच
- बल्लेबाजी के लिए मददगार होती है वानखेड़े की पिच
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल 2025 में आज मुंबई इंडियंस (MI) का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से होगा। टूर्नामेंट के 18वें सीजन का यह 20वां मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। मुंबई इंडियंस इस सीजन के शुरुआती 4 में से 3 मैच हार चुकी है। वहीं, बेंगलुरु 3 में से 2 मैच जीती और 1 मैच में हार का सामना करना पड़ा। वानखेड़े पर आरसीबी का रिकॉर्ड बेहद खराब रहा है। मुंबई के खिलाफ उसे पिछले 10 साल से जीत नहीं मिली है। बेंगलुरु यहां आखिरी बार साल 2015 में जीती थी।
आज मैदान में टीम इंडिया के टॉप खिलाड़ी खेलते नजर आएंगे। चैंपियंस ट्रॉफी के बाद विराट कोहली और टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा एक साथ दिखाई देंगे। भले ही यह दोनों एक दूसरे के साथ नहीं बल्कि खिलाफ खेलेंगे, लेकिन फैंस को टीम इंडिया की पसंदीदा जोड़ी रो-को (रोहित-कोहली) की बल्लेबाजी को देखने का मौका इस मैच में मिलेगा। इनके अलावा हार्दिक पांड्या, सूर्यकुमार यादव भी मैच का हिस्सा होंगे। वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी इस मैच के जरिए वापसी कर सकते हैं। उन्हें दिसंबर-जनवरी में खेली गई बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान लोअर बैक इंजरी हो गई थी। जिसके चलते वह चैंपियंस ट्रॉफी से भी बाहर हो गए थे। बुमराह यदि इस मैच में खेलते हैं तो मुंबई इंडियंस की बॉलिंग पॉवर बढ़ जाएगी।
हेड टु हेड में मुंबई भारी
मुंबई और बेंगलुरु के बीच IPL में कुल 35 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से 21 में मुंबई को और 14 में बेंगलुरु को जीत मिली। वहीं, वानखेड़े स्टेडियम में दोनों टीम 10 बार आमने-सामने हो चुकी हैं। इसमें मुंबई का आगे है। MI को यहां 7 बार और RCB 3 बार जीत मिली है।
पिच रिपोर्ट और वेदर कंडीशन
वानखेड़े की पिच बल्लेबाजों के लिए फायदेमंद साबित होती है। यहां तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिलती है। यहां अभी तक 117 आईपीएल मैच खेले गए हैं। जिनमें 54 मैच में पहली इनिंग में बैटिंग करने वाली टीम और 63 मैच में टारगेट चेज करने वाली टीम को जीत मिली है। वहीं, मौसम की बात करें तो सोमवार (7 अप्रैल) को मुंबई का मौसम काफी गर्म रहेगा। यहां काफी तेज धूप रहेगी। बारिश की बिल्कुल भी संभावना नहीं है।
दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-12
मुंबई इंडियंस - हार्दिक पंड्या (कप्तान), रायन रिकेल्टन (विकेटकीपर), विल जैक्स, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, नमन धीर, मिचेल सैंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, अश्विनी कुमार, विग्नेश पुथुर, रॉबिन मिंज।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु - रजत पाटीदार (कप्तान), फिल सॉल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, लियम लिविंगस्टन, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, यश दयाल, रसिख सलाम।
Created On :   7 April 2025 5:59 PM IST