- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- शहडोल
- /
- स्लोगन से बड़ा अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का...
Shahdol News: स्लोगन से बड़ा अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का नाम

- स्वच्छता अभियान के बोर्ड पर वार्ड 25 के भाजपा पार्षद ने लगाया आरोप
- 3 से 4 हजार रूपए में बन जाने वाले बोर्ड के एवज में दस हजार रूपए व्यय, इसकी जांच होनी चाहिए
- आखिर नगर पालिका द्वारा यह कैसा स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है
Shahdol News: शहर के सभी 39 वार्ड में स्वच्छ भारत अभियान योजना से लगाए जाने वाले सूचना बोर्ड को लेकर पार्षदों का गुस्सा बढ़ता ही जा रहा है। सोमवार को दैनिक भास्कर में खबर प्रकाशित होने के बाद शहर के वार्ड क्रमांक 25 से भाजपा पार्षद प्रकाश सोनी ने भी इस मामले में खुलकर आपत्ति दर्ज करवाई। उन्होंने आरोप लगाया कि जो बोर्ड 3 से 4 हजार रूपए में बन जाएंगे उसके एवज में नगर पालिका द्वारा 10 हजार रूपए तक व्यय किया जा रहा है।
यह बड़ा भ्रष्टाचार है और इस मामले की सूक्ष्म जांच होनी चाहिए। बतादें कि प्रकाश सोनी नगर पालिका अध्यक्ष चुनाव में भाजपा की ओर से अध्यक्ष पद प्रत्याशी भी रहे हैं। उन्होंने नगर पालिका में चल रही भर्राशाही पर अंकुश लगाने की मांग रखी। प्रकाश सोनी ने बताया कि उनके वार्ड में लगे बोर्ड में स्वच्छता संबंधी स्लोगन इतने छोटे अक्षरों में लिखवाए गए हैं कि पढऩा तक मुश्किल है, वहीं अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का नाम बड़े-बड़े अक्षरों में लिखवाए गए हैं।
आखिर नगर पालिका द्वारा यह कैसा स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है? यह सीधे तौर पर सरकारी धन का दुरुपयोग है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पदाधिकारियों द्वारा पार्षदों को अपमानित करने का प्रयास किया जा रहा है। उनके वार्ड में लगाए गए बोर्ड में उनके नाम के आगे श्रीमती लिखाया गया, इसके बाद उस बोर्ड को बदले बिना ही श्रीमती में स्टीकर लगाकर गलती को ढंकने के साथ ही जताने का भी प्रयास किया गया। जिससे लोगों का ध्यान स्टीकर पर जाए।
बोर्ड को लेकर पार्षदों को आपत्ति है तो वे परिषद पर बात रख सकते हैं। अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के बड़े-बड़े नाम व व्यय राशि पर आपत्ति की जानकारी नहीं है।
अक्षत बुंदेला सीएमओ नगर पालिका शहडोल
Created On :   11 Feb 2025 2:16 PM IST