सिवनी: राहुल गांधी की महाकोशल की पहली सभा आज धनौरा में

राहुल गांधी की महाकोशल की पहली सभा आज धनौरा में
  • राहुल गांधी की महाकोशल की पहली सभा आज धनौरा में
  • आम सभा को करेंगे संबोधित, जबलपुर होते हुए पहुंचेंगे
  • सुरक्षा के तगड़े इंतजाम

डिजिटल डेस्क, सिवनी। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का आज 8 अप्रैल को धनौरा आगमन होने जा रहा है। वे यहां अजजा के लिए आरक्षित मंडला लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी ओमकार सिंह मरकाम के समर्थन में आमसभा को संबोधित करने आ रहे हैं। दोपहर दो बजे धनौरा में कहानी रोड पर आयोजित आम सभा से वे पूरे महाकोशल व आदिवासियों को साधने की कोशिश करेंगे। लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद यह प्रदेश के साथ ही महाकोशल में भी उनकी पहली जनसभा है। पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस महाकोशल क्षेत्र से एकमात्र छिंदवाड़ा सीट ही जीत पाई थी। यह सीट प्रदेश में मिली सीटों में भी इकलौती थी। इस बार कांग्रेस अपनी सीटों में बढ़ोत्तरी को लेकर कवायद कर रही है। मंडला लोकसभा सीट में आने वाली जिले की केवलारी विधानसभा के धनौरा में राहुल गांधी की सभा रखा जाना इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन की तैयारियों में कांग्रेसी सप्ताह भर से जोर-शोर से जुटे हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी से सिवनी जिला प्रभारी संजय कपूर दो दिन से धनौरा में ही अन्य नेताओं के साथ डेरा डाले हुए हैं। रविवार को भी उन्होंने धनौरा में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजकुमार खुराना, विधायक रजनीश सिंह सहित अन्य नेताओं के साथ तैयारियों का जायजा लिया।

यह भी पढ़े -शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो पीटा, तीन आरोपियेां के खिलाफ मामला दर्ज

2 बजे पहुंचेंगे धनौरा

जानकारी के अनुसार राहुल गांधी दोपहर 2 बजे हैलीकॉप्टर से धनौरा पहुंचेंगे। इससे पहले वे विमान से जबलपुर एयरपोर्ट आएंगे, जहां से दोपहर 1 बजे धनौरा के लिए हैलीकॉप्टर से रवाना होंगे। उनका दो बजे धनौरा से लगे नाई पिपरिया स्थित शासकीय खेल मैदान स्थित हैलीपेड आगमन होगा। यहां दो हैलीपेड बनाए गए हैं। आमसभा को संबोधित करने के बाद वे दोपहर 03:20 बजे हैलीकॉप्टर से धनौरा से शहडोल के लिए रवाना होंगे।

यह भी पढ़े -एसएफ बटालियन के जवानों से भरी बस में टकराई कार , तीन की मौत 26 जवान घायल

ये रहेंगे मौजूद

कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजकुमार खुराना ने बताया कि सभा में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी भवर जितेंद्र सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, मंडला लोकसभा के प्रभारी कदीर सोनी, विधायक योगेन्द्र सिंह बाबा, विधायक रजनीश सिंह सहित अन्य नेतागण मौजूद रहेंगे।

चप्पे-चप्पे में तैनात रहेगा बल

राहुल गांधी की आमसभा के दौरान धनौरा पूरी तरह से छावनी में तब्दील रहेगा। यहां चप्पे-चप्पे पर बल तैनात करने की तैयारी की गई है। केन्द्रीय बल, रिजर्व पुलिस बल के 6 सौ से ज्यादा जवान बुलाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सीआरपीएफ के वीआईपी सिक्योरिटी विंग के अफसर पहले ही सिवनी पहुंच गए थे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रविवार को सुरक्षा एजेंसियों के अफसर, जिला प्रशासन के अधिकारियों, पुलिस प्रशासन की संयुक्त बैठक पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार सिंह के कार्यालय में हुई, जिसमें तमाम इंतजामों को लेकर निर्णय लिए गए।

यह भी पढ़े -अज्ञात वाहन ने युवक को कुचला, बाइक में लगी आग, नेशनल हाइवे स्थित गोपालगंज के पास की घटना

Created On :   8 April 2024 4:49 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story