Pahalgam Terror Attack: पहलगाम आतंकी हमले में सिवनी के समीर की भी गई जान, आतंकियों ने पत्नी के सामने की हत्या

- पहलगाम में मंगलवार को हुआ आतंकी हमला
- सिवनी के समीर गुहा की गई जान
- आतंकियों ने पत्नी के सामने की हत्या
डिजिटल डेस्क, सिवनी। कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम स्थित पर्यटन स्थल बैसरन घाटी में मंगलवार की दोपहर हुए आतंकी हमले में गोलीबारी से जिन 27 पर्यटकों की मौत हुई है उनमें सिवनी के समीर गुहा पिता अजीतवरण गुहा (55) भी शामिल हैं। कोलकाता स्थित नेशसिनल सेंपल सर्वे आर्गनाजेशन में बतौर अधिकारी पदस्थ समीर अपनी पत्नी शबरी व पुत्री शुभांगी के साथ पहलगाम गए थे। हमले के दौरान आतंकियों ने उनकी पत्नी व बेटी के सामने समीर की जान ले ली। इस वारदात से सिवनी में निवासरत परिजनों में शोक व्याप्त है। भतीजे समीर के अब इस दुनिया में न रहने की जानकारी मिलने के बाद से बुरी तरह से आहत व दु:खी उनकी बुआ सिवनी के बारापत्थर क्षेत्र स्थित मरहाई माता मंदिर के पास रहने वाली रिटायर्ड शिक्षिका कुमारी कृष्णा गुहा ने दैनिक भास्कर को बताया कि केन्द्र सरकार के नेशनल सेंपल सर्वे आर्गनाइजेशन में नौकरी लगने के बाद लगभग 27 साल से समीर कोलकाता में निवासरत था। उनका पैतृक घर सिवनी के बरघाटनाका क्षेत्र में स्थित है। मृतक समीर लगभग चार साल पहले अपने पिता अजीतवरण गुहा की मृत्यु होने के दौरान आए थे। मंगलवार को हुई आतंकी घटना के दौरान उनके औरंगाबाद निवासी भाई सुदीप गुहा सिवनी में ही थे, जो कि कोलकाता के लिए रवाना हो गए हैं।
लब्बैक यूथ फोर्स ने की निंदा
पहलगाम में आतंकियों द्वारा अंजाम दी गई घटना की लब्बैक यूथ फोर्स आतंकवाद विरोधी संगठन सिवनी ने निंदा की है। संगठन के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सूफी मंजूर रजा कादरी ने आतंकी हमले की निंदा करते हुए कहा है कि आतंकवाद का जवाब उसी की भाषा में देने की जरूरत है। हमारे देश की आर्मी आतंकवाद को खत्म करने और घर में घुसकर मारने में सक्षम है।
श्रद्धांजलि आज
पहलगाम में आतंकियों द्वारा मारे गए पर्यटकों को आज गुरुवार की शाम 6 बजे शहर के गांधी भवन कचहरी चौक पर श्रद्धांजलि दी जाएगी।
कैंडल मार्च निकाला, पाकिस्तान का फूंका पुतला
सिवनी और छपारा में आंतकी घटना को लेकर प्रदर्शन
नगर संवाददाता, सिवनी
पहलगाम में हुई आतंकी घटना को लेकर सभी जगह आक्रोश है। बुधवार को सिवनी में कैंडल मार्च निकाला गया और अधिकारियों को राष्ट्रपति के नाम का ज्ञापन सौंपा गया। मुस्लिम समाज के लोगों ने एकजुट होकर शुक्रवारी में आंतक के खिलाफ नारेबाजी की गई। साथ ही कहा कि इस घटना में आतंकियों को कड़ी सजा दी जाए। इतना ही नहीं पीडि़त परिवारों को न्याय दिलाया जाए। कैंडल मार्च नगर पालिका चौक पहुंचा। इस अवसर पर राजिक अकील, दीवान शाद अली, राजा खान, अकील अहमद, मंजूर रजा, शब्बीर,जाकिर खान आदि मौजूद रहे।
छपारा में किया प्रदर्शन, जलाया गया पुतला
छपारा में भी आतंकी घटना को लेकर प्रदर्शन किया गया। बुधवार की शाम को नगर के बस स्टैंड परिसर में सामाजिक संगठनों और अन्य लोगों ने इस घटना पर विरोध जताया। हाथों में आतंकियों के पोस्टर लिए पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए गए। पाकिस्तान का पुतला जलाया गया। लोगों ने आंतक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
Created On :   24 April 2025 12:44 AM IST