- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- पन्ना के रस्सी कूंद किंग मोहम्मद...
Panna News: पन्ना के रस्सी कूंद किंग मोहम्मद रहीम ने इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड में दर्ज कराया नाम

- पन्ना के रस्सी कूंद किंग मोहम्मद रहीम ने इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड में दर्ज कराया नाम
- ५ मिनट में ५७५ बार रस्सी कूंदकर बनाया रिकार्ड
Panna News: मन में लगन हो तो राहें आसान हो जाती हैं यह कहावत पन्ना के 23 वर्षीय मोहम्मद रहीम ने सच कर दिखाई है। फेरी लगाकर ब्रेड और कुरकुरे बेचने वाले रहीम ने अपनी अद्भुत प्रतिभा से इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा लिया है। उन्होंने महज 5 मिनट में 575 बार रस्सी कूदकर यह अविश्सनीय कारनामा किया है। सफलता का ई-मेल मिलते ही उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। पन्ना शहर के चांदमारी मोहल्ला निवासी रहीम ने बताया कि घर की जिम्मेदारियों के चलते उन्हें दसवीं के बाद पढ़ाई छोडऩी पड़ी। उनके पिता मोहम्मद शहवाज भी फेरी लगाते थे लेकिन बढ़ती उम्र के कारण उन्हें कठिनाई होती थी। इसलिए रहीम ने पिता का काम संभाल लिया और रोजाना शहर व गांवों में फेरी लगाकर अपनी रोजी-रोटी कमाने लगे।
बड़े भाई बने प्रेरणास्त्रोत
रहीम ने बताया कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी उनकी गहरी रुचि थी। वह नियमित रूप से मैदान जाते और दोस्तों के साथ क्रिकेट जैसे खेल खेलते थे। उनके बड़े भाई मोहम्मद कय्यूम एक जाने-माने साइक्लिस्ट हैं और उन्होंने ही रहीम को कुछ अलग करने के लिए प्रेरित किया। एक सुबह जब रहीम रस्सी कूंद का अभ्यास कर रहे थे तो उनके भाई ने उनकी गति देखकर आश्चर्य व्यक्त किया और कहा कि थोड़ी और मेहनत करने पर वह देश-दुनिया में नाम कमा सकते हैं। पहले तो रहीम को यह मजाक लगा लेकिन उनके भाई की बातों ने उनके मन में एक उम्मीद जगा दी।
दो साल की अथक मेहनत
रहीम अपने बड़े भाई को अपना प्रेरणास्त्रोत मानते हैं। उन्हीं के प्रोत्साहन और मार्गदर्शन ने उन्हें यह मुकाम हासिल करने में मदद की। उनके भाई नियमित रूप से उनके अभ्यास पर ध्यान देते और गलतियों को सुधारने में उनकी मदद करते थे। पिछले दो सालों से रहीम लोकपाल सागर तालाब के किनारे मुक्तिधाम में सुबह ०5 बजे से ०7:30 बजे तक रोजाना रस्सी कूंद का अभ्यास कर रहे थे और आखिरकार वह दिन आ ही गया जब उनकी मेहनत रंग लाई।
इस तरह मिली सफलता
बड़े भाई मोहम्मद कय्यूम ने बताया कि छोटे भाई रहीम की प्रतिभा देखकर वह भी हैरान थे। उन्होंने पन्ना के ही सक्षम नामक युवक द्वारा 4 सेकंड में ए से जेड तक के अक्षर टाइप कर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने की खबर पढ़ी थी। उन्होंने रहीम का नाम भी इस रिकॉर्ड बुक में दर्ज कराने के लिए सक्षम से संपर्क किया। सक्षम द्वारा बताए गए तरीके से उन्होंने रहीम के रस्सी कूंद का वीडियो और अन्य जानकारी भेजी। इसके बाद 10 अप्रैल 2025 को रहीम का ऑनलाइन टेस्ट हुआ और 23 अप्रैल को उन्हें सफलता का संदेश मिला। 24 अप्रैल को स्पीड पोस्ट के माध्यम से अवार्ड भी उनके घर पहुंच गया। आगे रहीम ने बताया कि उनका यह प्रयास यही नहीं रूकेगा अब उनका उद्देश्य रस्सी कूंद में वल्र्ड रिकार्ड बनाना है। रहीम की यह कहानी यह साबित करती है कि यदि दिल में सच्ची लगन और मेहनत करने का जज्बा हो तो कोई भी मुश्किल लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है चाहे परिस्थितियां कितनी भी विपरीत क्यों न हों। पन्ना के इस रस्सी कूद किंग ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से न केवल अपना नाम रोशन किया है बल्कि उन सभी के लिए एक प्रेरणास्त्रोत बन गए हैं जो जीवन में कुछ बड़ा हासिल करने का सपना देखते हैं।
Created On :   28 April 2025 12:43 PM IST