- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- पुलिस उप महानिरीक्षक ने किया पुलिस...
Panna News: पुलिस उप महानिरीक्षक ने किया पुलिस का वार्षिक निरीक्षण

- पुलिस उप महानिरीक्षक ने किया पुलिस का वार्षिक निरीक्षण
- पुलिस दरबार का किया गया आयोजन
Panna News: पुलिस उप महानिरीक्षक छतरपुर रेंज ललित शाक्यवार ने आज पन्ना जिले का वार्षिक निरीक्षण किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पन्ना साईं कृष्ण एस. थोटा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पन्ना सुश्री वंदना चौहान ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने पुलिस परेड ग्राउंड पन्ना में रक्षित निरीक्षक खिलावन सिंह कंवर के नेतृत्व में आयोजित परेड का निरीक्षण किया। उन्होंने उत्कृष्ट वेशभूषा वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कृत कर उनकी सराहना की। साथ ही उन्होंने परेड की गुणवत्ता, अनुशासन और पुलिसकर्मियों की शारीरिक फिटनेस की भी प्रशंसा की। इसके अतिरिक्त उन्होंने पुलिस लाइन में उपलब्ध सरकारी वाहनों का निरीक्षण कर उनकी स्थिति, रखरखाव, उपलब्धता और परिचालन क्षमता की समीक्षा की और वाहन अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा नियमित सर्विसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। परेड निरीक्षण के पश्चात डीआईजी ने पुलिस मुख्यालय भोपाल की पुलिस कल्याणकारी योजनाओं के तहत पुलिस लाइन परिसर पन्ना में नवनिर्मित सीपीसी पुलिस कैंटीन का शुभारंभ किया। इस कैंटीन से पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को उचित दर पर गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध हो सकेगी।
पुलिस दरबार का किया गया आयोजन
डीआईजी ने पुलिस कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए पुलिस दरबार का आयोजन किया। जिसमें कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और सुझाव प्रस्तुत किए। कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया जबकि शेष के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इस दौरान डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से निजी और विभागीय समस्याओं को उच्च अधिकारियों और सहकर्मियों के साथ सांझा करने का आग्रह किया और उन्हें स्वयं एवं परिवार का ध्यान रखने तथा नैतिक मूल्यों के साथ खुशहाल जीवन जीने के लिए प्रेरित किया। पुलिस दरबार में जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, समस्त अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों, रक्षित निरीक्षक पन्ना, सभी थाना, चौकी प्रभारियों, पुलिस अधीक्षक कार्यालय और पुलिस लाइन के बल सहित थानों एवं चौकियों से आए पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
पुलिस दरबार के दौरान डीआईजी ने कोरोना महामारी की रोकथाम और उससे उत्पन्न चुनौतियों से संघर्ष के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कर्मवीर योद्धा पदक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। डीआईजी ने पुलिस लाइन पन्ना, पुलिस अधीक्षक कार्यालय पन्ना की विभिन्न शाखाओं, कार्यालय डीएसपी अजाक, थाना कोतवाली, थाना अजाक और थाना देवेन्द्रनगर का भी वार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने थानों में संधारित रिकॉर्ड के रखरखाव, बलवा ड्रिल सामग्री, सीसीटीव्ही कैमरे और हवालात का निरीक्षण किया। पुलिसकर्मियों की शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थापित पुलिस जिम का निरीक्षण करते हुए डीआईजी ने जिम के उपकरणों की स्थिति और उपयोगिता की सराहना की और इसके नियमित उपयोग एवं रखरखाव के निर्देश दिए।
Created On :   29 April 2025 6:42 PM IST