- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- बूथ स्तर से महिलाएं भेजेगी...
बूथ स्तर से महिलाएं भेजेगी मुख्यमंत्री फडणवीस को राखी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। जनसंवाद व जनसंपर्क की रणनीति को राजनीतिक सफलता का सशक्त माध्यम मानती भाजपा ने इस बार रक्षाबंधन त्योहार के उत्सव को भुनाने की योजना बनाई है। विधानसभा चुनाव की तैयारी की गई है। युवाओं व महिलाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किया जा रहा है। रक्षाबंधन के समय बूथ स्तर से महिला कार्यकर्ता मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को राखी भेजेगी। राज्य भर से राखी एकत्र होने के बाद मुख्यमंत्री मुंबई में एक सभा लेकर भाई का दायित्व के तौर पर महिलाओं के लिए विशेष योजनाओं की घोषणा करेंगे। युवाओं खासकर नवमतदाताओं को जोड़ने के लिए भी माइक्रो प्लानिंग की गई है। मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर राज्य भर में प्रभाग स्तर पर मेधावी विद्यार्थियों का सत्कार किया जाएगा। पूरे कार्यक्रम को अभियान के रुप में चलाया जाएगा। राज्य में अक्टूबर में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। चुनाव की तैयारी के तहत भाजपा ने मतदाताओं के संपर्क की नई योजना बनायी है।
बुधवार को रेशमबाग में भाजपा की पूर्व विदर्भ विभागीय बैठक हुई। भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री विजय पुराणिक ने विविध चुनावी रणनीति के बारे में जानकारी दी। इनमें रक्षाबंधन अभियान व विद्यार्थी सत्कार कार्यक्रम भी शामिल हैं। 6 जुलाई से भाजपा राष्ट्रीय स्तर पर मतदाता महापर्व की शुरुआत कर रही है। नवमतदाता पंजीयन का भी कार्यक्रम चलाया जाना है। नागपुर विभाग में भी 6 जुलाई को ही बड़े स्तर पर मतदाता पंजीयन कार्यक्रम होगा। भाजपा ने सदस्यता अभियान को भी गति देने का संकल्प लिया है। अकेले नागपुर शहर में 50 हजार नए मतदाता जोड़ने का संकल्प लिया गया है।
मुख्यमंत्री फडणवीस के जन्मदिन समारोह को भी राज्य भर में मतदाता संपर्क महाअभियान के समान मनाने का लक्ष्य रखा गया है। रक्षाबंधन पर बूथ स्तर से 10 से 23 राखी मुख्यमंत्री को भेजी जाएगी। पूर्व केंद्रीय मंत्री हंसराज अहिर, पूर्व मंत्री राजकुमार बडोले, प्रदेश संगठन महामंत्री रामदास आंबटकर, उपेंद्र कोठेकर, गिरीश व्यास, अनिल सोले, जयप्रकाश गुप्ता, प्रवीण दटके सहित सभी प्रकोष्ठों के प्रमुख बैठक में उपस्थित थे।
Created On :   4 July 2019 12:04 PM IST