- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- मौसम विभाग को भी छका रही बारिश,...
मौसम विभाग को भी छका रही बारिश, रुक-रुक कर बरस रही रिमझिम फुहारें

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पिछले कुछ दिनों से बारिश को लेकर जारी अनुमान कई बार सही हो रहे हैं । हालांकि मौसम विभाग की ओर से शनिवार को नागपुर शहर व ग्रामीण में भारी बारिश की चेतावनी का असर दिखाई नहीं दिया। शहर में दिन भर केवल भारी बारिश चर्चा में रही। रात को जरूर शहर में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई। रविवार को सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है। दोपहर के समय आसमान साफ भी हो गया जबकि भारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने दी रखी है। शनिवार को नागपुर का अधिकतम तापमान 29.9 व न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रहा। भारी बारिश की चेतावनी के कारण जिला प्रशासन ने शनिवार को स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी थी।
कायम है रेड अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, ओडिशा व बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र अभी भी बना है आैर रविवार को भी भारी बारिश होने की पूरी संभावना है। शनिवार को शहर में भले ही बारिश हवा में उड़ गई, लेकिन नागपुर ग्रामीण व आसपास के जिलों में भारी बारिश होने का दावा किया गया। रविवार को नागपुर जिले के अलावा चंद्रपुर, गड़चिरोली, अकोला, अमरावती, गोंदिया, भंडारा व वर्धा जिले में भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। अभी भी मौसम का रेड अलर्ट बना हुआ है।
मुंबई से आने वाले विमान लेट
मुंबई से आनेवाले विमानों पर मौसम का असर जारी है। शनिवार को नागपुर एयरपोर्ट पर पांच फ्लाइट देरी से लैंड हुई, जिसमें से 4 फ्लाइट मुंबई से आने वाले थे। इंडिगो के मुंबई से दोपहर 1 बजे व शाम 5.25 बजे आनेवाले विमान क्रमश: 17 मिनट व 1 घंटा 7 मिनट देरी से लैंड हुए। इसी तरह, मुंबई से नागपुर गो एयर व एयर इंडिया के रात 8.25 व रात 8.35 को लैैंड होनेवाले विमान क्रमश: 24 मिनट व 38 मिनट देरी से पहुंचे। इसके अलावा बंगलुरु से उड़ान भरने वाला इंडिगो का विमान सुबह 9.45 के बजाय 53 मिनट विलंब से पहुंचा।
Created On :   8 Sept 2019 2:32 PM IST