शिवराज का कमलनाथ पर हमला कहा - हम गुंडे-बदमाशों की संपत्ति पर बुलडोजर चलाते हैं

डिजिटल डेस्क,छिंदवाड़ा। सौंसर में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा अनावरण समारोह में रविवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व मुख्यमंत्री पर सीधे हमला बोला। सौंसर में 3 वर्ष पूर्व शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापना के समय उसे हटाने की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि हम गुंडे व बदमाशों की संपत्ति पर बुलडोजर चलाते हैं, लेकिन तब मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर बुलडोजर चला दिया था। तल्ख अंदाज में सीएम ने कहा कि ऐसा करते हुए उन्हें शर्म क्यों नहीं आई। छत्रपति शिवाजी महाराज का स्वराज व देश की आजादी में योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि हमें देश के आजादी का इतिहास ठीक से नहीं पढ़ाया गया। नेहरु व गांधी परिवार का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की आजादी के इतिहास में एक ही परिवार के बलिदान को दर्शाया गया। इस परिवार ने आजादी की लिए जिन्होंने अपनी जानें कुर्बान की उनका इतिहास छुपा कर रखा। हमें देश की आजादी का सही इतिहास नहीं बताया गया। अब हम आजादी का सही इतिहास बच्चों को पढ़ाएंगे, शिवाजी महाराज की विजय गाथा बच्चों को बताईजाएगी।
यही नहीं मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कमलनाथ सरकार के 15 माह के कार्यकाल को भ्रष्टाचार व जनकल्याणकारी योजनाएं बंद कराने का कार्यकाल बताते हुए कहा कि तब तीर्थ दर्शन योजना बंद कर दी गई थी, अब हम उसे पुन: शुरू करा रहे हंै। वृद्ध अब ट्रेन से नहीं हवाई जहाज से तीर्थ दर्शन करने जाएंगे। मुख्यमंत्री कन्या विवाह की कमलनाथ ने राशि नहीं दी थी हमने उसे पुन: शुरू करा कर बढ़ी हुई राशि दे रहे हैं। मुख्यमंत्री लाडली बहना, वद्धा पेंशन 600 रुपए से बढ़ाकर एक हजार करने, मेडिकल व इंजीनियरिंग की पढ़ाई हिंदी भाषा में करने, महिला समूह को आजीविका मिशन में दो प्रतिशत ब्याज से स्वरोजगार के लिए राशि देने का उल्लेख करते हुए कहा कि मप्र में भाजपा के शासन में महिला सशक्तिकरण का नया युग शुरू हुआ है।
स्वराज्य के लिए शिवाजी महाराज हमारे आदर्श हैं: मुख्यमंत्री चौहान
छत्रपति शिवाजी महाराज की आदमकद प्रतिमा का अनावरण कर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुगल साम्राज्य के छक्के छुड़ाकर छत्रपति शिवाजी महाराज ने हिंदवी स्वराज की स्थापना की थी। छत्रपति शिवाजी महाराज हमारे आदर्श है। मुगलों के अत्याचार के खिलाफ शिवाजी महाराज ने भवानी माता की तलवार हाथ में ली थी। शिवाजी महाराज कहते थे युद्ध लडऩे के लिए नहीं, युद्ध जीतने के लिए किए जाते हैं। शिवाजी महाराज ने सिर्फ युद्ध कर किले हासिल ही नहीं किए बल्कि जनता जनार्दन के लिए सुराज व स्वराज स्थापित किया।
Created On :   20 Feb 2023 2:06 PM IST