पानी को लेकर धारदार हथियार से एक की हत्या

डिजिटल डेस्क,सिवनी। बंडोल थाना अंतर्गत सागर गांव में शुक्रवार की सुबह सिंचाई के पानी को लेकर उपजे विवाद में एक शख्स की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने शाम को तीन आरोपियों हिरासत में लिया है जबकि दो फरार हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 302 का मामला दर्ज किया है। घटना को लेकर पूरे गांव में सनसनी है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया था। पुलिस ने शव का पीएम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया।
ये है घटना
पुलिस के अनुसार सागर निवासी ह्दयराम सनोडिय़ा(47) का गांव के पास ही खेत है। पास ही में उसके रिश्तेदार का भी खेत है। रिश्तेदार के साथ पेंच नहर से सिंचाई के लिए पाइप खेत से ले जाने की बात को लेकर विवाद चला आ रहा है। सोमवार को ह्दयराम खेत गया था। तभी उसके रिश्ते में लगने वाला भतीजा नीरज सनोडिय़ा अपने चार साथियों के साथ खेत में था। पानी को लेकर फिर नीरज का ह्दयराम से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि नीरज और उसके साथियों ने भी मारपीट शुरु कर दी। नीरज ने अपने पास रखे धारदार हथियार से ह्दयराम के गले में दो बार और पीठ में चार बार वार कर दिए। इसके बाद सभी लोग वहां से भाग गए। घायल ह्दयराम को जिला अस्पताल लाया गया लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
Created On :   28 Jan 2023 6:01 PM IST