- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सिवनी
- /
- गोंगपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मरकाम...
गोंगपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मरकाम आए सिवनी

डिजिटल डेस्क, सिवनी। कुरई थाना क्षेत्र के सिमरिया गांव में 2 व 3 मई की दरमियानी रात मॉब लिंचिंग की घटना में दो आदिवासियों की मौत का मामला शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। गुरूवार को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी(गोंगपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर सिंह मरकाम व राष्ट्रीय महासचिव श्याम सिंह मरकाम सिवनी पहुंचे। उन्होंने आगामी चुनावों में एकजुट होकर गोंगपा का समर्थन करने का जहां आव्हान किया, वहीं भाजपा-कांग्रेस से दूरी बनाकर रखने की बात कही। वे बोले की अगले वर्ष होने वाले चुनाव में आपको गोंगपा को अपना मत देकर जिताना है। दशहरा मैदान में आयोजित जनसभा में आयोजित पत्रकारवार्ता में तुलेश्वर सिंह मरकाम ने कहा कि आदिवासियों पर अत्याचार किया जा रहा है। सिमरिया में दो लोगों की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने वाले सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि हम यहां न्याय मांगने आए हैं। हमें न्याय चाहिए। रामसेना व बजरंग दल पर बैन लगाया जाए।
रैली से जगह-जगह जाम-
गोंगपा द्वारा गुरूवार की दोपहर सिवनी में दोपहिया व चार पहिया वाहनों में न्याय अधिकार रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। रैली में तीन दर्जन से ज्यादा चार पहिया वाहनों के साथ ही बड़ी संख्या में दो पहिया वाहन शामिल रहे। रैली के कारण जगह-जगह जाम की स्थिति बनी। रैली में शामिल लोगों द्वारा जनपद कार्यालय, अंबेडकर पुतला चौक, सर्किट हाउस चौक सहित अन्य स्थानों पर जमकर नारेबाजी की गई। सर्किट हाउस चौक पर जाम लगाने का प्रयास भी किया गया, जिससे कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति बनी। हालांकि वहां तैनात पुलिस अमले ने सक्रियता दिखाते हुए तत्काल स्थिति संभाल ली।
सिमरिया जाकर पीडि़तों से मिले-
गोंगपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर सिंह मरकाम व राष्ट्रीय महासचिव श्याम सिंह मरकाम न्याय अधिकार रैली निकालने के बाद सिमरिया गांव पहुंचे और दोनों मृतकों के पीडि़त परिवार से मिले। उनके द्वारा पीडि़त परिजनों से घटना की जानकारी लेकर न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाने की बात कही गई। पीडि़त परिजनों द्वारा बताया गया कि आरोपियों की संख्या ज्यादा थी, लेकिन पुलिस द्वारा अब तक सभी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
थाना में डटे रहे डीआईजी-एसपी-
गोंगपा की न्याय अधिकार रैली के चलते जिला मुख्यालय में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती सुबह से ही कर दी गई थी। जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा से भी बल बुलाया गया था। शाम को जिस समय दशहरा मैदान में गोंगपा की सभा चल रही थी उस समय कोतवाली थाना में डीआईजी जगत सिंह राजपूत व एसपी रामजी श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। बताया गया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए जबलपुर से 50, नरसिंहपुर से 25, छिंदवाड़ा से 50, एसएएफ के 60 जवान बुलाए गए थे। सिवनी के 300 पुलिस कर्मियों की भी तैनाती की गई थी।
Created On :   27 May 2022 2:59 PM IST