- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- कुएं में जहरीली गैस रिसाव से किसान...
कुएं में जहरीली गैस रिसाव से किसान की मौत, चाचा सहित दो की हालत गंभीर

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। सिहोरा थाना अंतर्गत ग्राम सुहजनी हथलेवा में कुएं से जहरीली गैस का रिसाव होने से गाँव में दहशत फैल गयी। यह हादसा उस वक्त हुआ जब एक कृषक उमेश पटैल उम्र 32 वर्ष मोटर पंप लगाने के लिए कुएं में उतरा था। कुएं के अंदर उसे बेचैनी महसूस हुई और दम घुटने से उसकी मौत हो गयी। वहीं किसान की हालत देखकर उसे बचाने के लिए कुएं में उतरे मृतक के चाचा सहित दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बेहोशी की हालत में सिहोरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना की जानकारी लगने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
बोर में सबमर्सिबल पम्प डालने पहुँचे थे
सूत्रोंं के अनुसार इस घटना की सूचना सचिन्द्र पटैल ने थाने में देते हुए बताया कि उसका साला उमेश पटैल अपने साथी अन्नू आदिवासी के साथ सुबह 9 बजे के करीब कन्नू पटैल के खेत में स्थित कुएं की बोर में सबमर्सिबल पम्प डालने पहुँचे थे। उमेश कुएं में उतरा था और उसका साथी ऊपर था। कुएँ के अंदर पहुँचते ही उमेश को बेचैनी हुई और दम घुटने जैसी स्थिति होने से वह कुछ देर में बेहोश हो गया। उसकी हालत देख उसका साथी अन्नू आसपास के खेतों में काम करने वालों को मदद के लिए आवाज दी और खुद कुएं में उतर गया। कुएं के अंदर पहुँचते ही उसे भी तकलीफ हुई और वह भी बेहोश होने लगा। इस बीच आसपास के लोगोंं ने रस्सी की मदद से अन्नू को कुएं से बाहर निकाला। वहीं उमेश के बेहोश होने से कारण काफी मशक्कत के बाद उसे कुएँ से बाहर निकाला जा सका, लेकिन तब तक उसकी साँसें थम चुकी थीं।
मृतक के चाचा भी चपेट में
सूत्रोंं के अनुसार घटना की जानकारी लगने पर उमेश पटैल को कुएं से निकालने के लिए ग्रामीणों ने काफी संघर्ष किया और उसे बाहर निकालने के लिए उसके चाचा साधू राम पटैल उम्र 43 वर्ष कुएँ में उतरे और उन्होंने उमेश को रस्सी में बांधा उसके बाद उसे खींचकर बाहर निकला गया। वहीं इस दौरान उसके चाचा साधू राम की हालत भी बिगड़ गयी थी
पहुंचेगी जांच टीम
सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जाँच में कुएं से मिथेन गैस का रिसाव होना बताया जा रहा है। वर्तमान में बारिश का मौसम होने के कारण आमतौर पर ऐसी गैस का रिसाव होता है, लेकिन इसका प्रभाव कुएँ के बाहर नहीं होता। उधर इस हादसे के बाद प्रशासन द्वारा एक जाँच टीम सिहोरा भेजी जाएगी, जो कुएं से निकली गैस व इससे होने वाले प्रभाव का आकलन करेगी।
इनका कहना है
थाना क्षेत्र में आने वाले ग्राम सुहजनी हथलेवा में हुए हादसे में एक किसान की मौत हुई है, वहीं दो का इलाज जारी है। घटना के बाद गाँव में स्थिति सामान्य है और कुएं के आसपास ग्रामीणों के जाने पर रोक लगाई गयी है। -सतीश तिवारी, एसआई
Created On :   26 Aug 2019 1:03 PM IST