New Delhi News: अश्विनी वैष्णव ने कहा - देश में रेल दुर्घटनाओं में आई कमी, 2024-25 में घटकर हुई 31

अश्विनी वैष्णव ने कहा - देश में रेल दुर्घटनाओं में आई कमी, 2024-25 में घटकर हुई 31
  • वर्ष 2014-15 में 135 रेल दुर्घटनाएं
  • वर्ष 2024-25 में घटकर हुई 31

New Delhi News. केंद्र सरकार ने शुक्रवार को दावा किया कि पिछले दस वर्षों में रेल दुर्घटनाओं की संख्या में कमी आई है। वर्ष 2014-15 में जहां 135 रेल दुर्घटनाएं हुई थीं, वहीं 2024-25 में यह घटकर 31 रह गई है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राज्यसभा में कांग्रेस सांसद रजनी पाटील के पूछे गए सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल में संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। पिछले कुछ वर्षों में किए गए विभिन्न संरक्षा उपायों के परिणामस्वरूप दुर्घटनाओं की संख्या में काफी गिरावट आई है। इन दुर्घटनाओं के कारणों में सामान्यतः रेल पटरियों में टूट-फूट, लोको/डिब्बों, उपस्कर में खराबी और मानव त्रुटियां शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह गौर करने की बात है कि वर्ष 2004-14 की अवधि के दौरान गाड़ी दुर्घटनाओं की संख्या 1711 (औसतन 171 प्रतिवर्ष) थी, जो वर्ष 2024-25 में घटकर 31 रह गई है।

रेल मंत्री ने रेल दुर्घटनाओं को रोकने के लिए उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए कहा कि मानवीय चूक के कारण होने वाली दुर्घटनाएं कम करने के लिए 28 फरवरी 2025 तक 6,623 स्टेशनों पर प्वाइंटों और सिग्नलों के केंद्रीकृत परिचालन वाली इलेक्ट्रिकल/इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली की व्यवस्था की गई है। समपार फाटकों पर संरक्षा बढ़ाने के लिए इसी अवधि में 11,089 समपार फाटकों पर इंटरलॉकिंग प्रणाली की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही 28 फरवरी 2025 तक 6,631 स्टेशनों पर विद्युत साधनों द्वारा रेल पथ अधिभोग के सत्यापन के लिए स्टेशनों के पूर्ण रेलपथ परिपथन की व्यवस्था की गई है।

Created On :   4 April 2025 8:10 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story