New Delhi News: आप हारी तो टूट जाएगा राष्ट्रीय क्षितिज पर छाने का सपना, अपराजेय सीएम का रिकॉर्ड टूटेगा
![आप हारी तो टूट जाएगा राष्ट्रीय क्षितिज पर छाने का सपना, अपराजेय सीएम का रिकॉर्ड टूटेगा आप हारी तो टूट जाएगा राष्ट्रीय क्षितिज पर छाने का सपना, अपराजेय सीएम का रिकॉर्ड टूटेगा](https://www.bhaskarhindi.com/h-upload/2025/02/07/1401382-1.avif)
- केजरीवाल के 'अपराजेय सीएम' का रिकॉर्ड भी टूटेगा
- दूसरे राज्यों में विस्तार पर लगेगा ब्रेक
New Delhi News. अजीत कुमार. दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे शनिवार को आएंगे। मतदान के बाद हुए एग्जिट पोल की मानें तो राष्ट्रीय राजधानी में भाजपा की सरकार बनती दिख रही है। अगर एग्जिट पोल सही साबित हुए तो भाजपा जहां 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी करेगी तो वहीं राष्ट्रीय क्षितिज पर छाने के आम आदमी पार्टी (आप) के सपने को तगड़ा झटका लगेगा।
दरअसल वर्ष 2015 से अब तक आप संयोजक अरविंद केजरीवाल भाजपा के सामने अपराजेय मुख्यमंत्री के रूप में हैं और वे चौथी बार मुख्यमंत्री बनने की तैयारी में हैं। लेकिन एग्जिट पोल सही साबित हुए तो उनकी यह उम्मीद दम तोड़ सकती है। राजनीतिक विश्लेषक अरविंद शर्मा कहते हैं कि दिल्ली में आप की हार से एक तरफ केजरीवाल से अपराजेय मुख्यमंत्री का तमगा हटेगा, तो वहीं राष्ट्रीय स्तर पर खुद को स्थापित करने की केजरीवाल की महत्वाकांक्षा पर भी ब्रेक लगेगा।
दूसरे राज्यों में विस्तार पर लगेगा ब्रेक
केजरीवाल की पार्टी के लिए दिल्ली मॉडल अनुकरणीय है। दिल्ली मॉडल के सहारे ही वह पंजाब में सत्ता में आई और अब दूसरे राज्यों में पांव फैलाने की उसकी तैयारी है। लेकिन अगर दिल्ली में ही पार्टी हारती है तो दूसरे राज्यों में उसकी विस्तार योजना पर पानी फिर जाएगा। बता दें कि पार्टी दिल्ली और पंजाब के बाद हरियाणा, गुजरात, मध्यप्रदेश, गोवा और महाराष्ट्र में अपनी पैठ बनाने की जुगत में है।
इंडिया ब्लॉक में कमजोर होंगे केजरीवाल
अगर दिल्ली में केजरीवाल चुनाव हारते हैं तो इसका असर विपक्षी 'इंडिया' ब्लॉक में उनके कद पर भी पड़ेगा। दरअसल दिल्ली चुनाव में कांग्रेस के नहीं चाहने के बावजूद अखिलेश यादव की सपा, शरद पवार की राकांपा (एसपी), उद्धव ठाकरे की शिवसेना और ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस ने केजरीवाल का साथ दिया है। स्पष्ट है कि दिल्ली में आप की हार होती है तो ‘इंडिया’ गठबंधन में केजरीवाल के भाव कम होंगे।
आप में बढ़ेगा टूट का खतरा
आप की पराजय पार्टी में टूट के खतरे को भी बढ़ाएगा। यदि भाजपा दिल्ली की सत्ता में आई तो उसके निशाने पर सबसे पहले आप के नवनिर्वाचित विधायक होंगे। ऐसे में केजरीवाल के सामने अपनी पार्टी को बचाने की चुनौती भी होगी। बता दें कि मतदान से ठीक पहले आप के 8 विधायकों ने भाजपा का दामन थाम लिया है। इसके साथ ही दिल्ली में हार का असर पंजाब की भगवंत मान सरकार पर भी पड़ेगा।
Created On :   7 Feb 2025 9:29 PM IST