New Delhi News: भाजपा का आप - कांग्रेस पर हमला, देश विरोधी ताकतों से हाथ मिलाते हैं कुछ दल

- राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल में है मिलीभगत अनुराग ठाकुर
- नाम लिए बगैर दोनों दलों पर हमला बोला
New Delhi News. दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार के बीच भाजपा ने आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस का नाम लिए बगैर दोनों दलों पर हमला बोला है। भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने सोमवार को कहा कि कुछ राजनीतिक दल ऐसे हैं, जो देशविरोधी ताकतों से हाथ मिलाते हैं। ये राजनीतिक लाभ के लिए उनसे चंदा भी पाते हैं और फिर मौन साध लेते हैं। ऐसा माना जा रहा कि अनुराग का इशारा आप और कांग्रेस की ओर ही है। भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल बाहर से कुछ और लेकिन अंदर से एक ही हैं। सेना की सर्जिकल स्ट्राइक हो, एयर स्ट्राइक हो या अफजल गुरु की फांसी का मुद्दा हो, इन सब विषयों पर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी एक साथ नजर आए।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने आम आदमी पार्टी का मतलब समझाते हुए कहा कि ‘आप’ का मतलब अलगाववाद, आतंकवाद, अराजकता और अपराधियों को शरण देना है। आप और कांग्रेस ने देश में घोटालों का कीर्तिमान बनाया है। इन दोनों दलों के विपरीत भाजपा ने हमेशा आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति की वकालत की है। पिछले 11 वर्षों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में हुए विकास कार्य खुद इसकी गवाही देते हैं।
Created On :   20 Jan 2025 8:46 PM IST