राजनीतिक हलचल: शहर महिला कांग्रेस का असंतोष उबल पड़ा, प्रेस क्लब परिसर में तीखी बयानबाजी

शहर महिला कांग्रेस का असंतोष उबल पड़ा, प्रेस क्लब परिसर में तीखी बयानबाजी
  • पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा की मौजूदगी में कल होगा बड़ा आंदोलन
  • शहर अध्यक्ष नंदा पराते ने कहा, नजरअंदाज किया जा रहा है
  • प्रदेश अध्यक्ष संध्या सवालाखे बोली, कोई गलतफहमी हुई है

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा की मौजूदगी में गुरुवार को नागपुर में नारी न्याय आंदोलन किया जाएगा। इस आंदोलन की तैयारी के एक दिन पहले शहर महिला कांग्रेस का असंतोष उबल पड़ा। शहर अध्यक्ष नंदा पराते ने खुलकर कहा कि उन्हें पार्टी में नजरअंदाज किया जा रहा है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष संध्या सवालाखे ने कहा है कि कोई गलतफहमी हुई है। संगठन में कोई गुटबाजी नहीं है। नारी न्याय आंदोलन के लिए बड़ी संख्या में गुरुवार को महिला कार्यकर्ता शहर में एकत्र होगी। इस संबंध में जानकारी देने के लिए बुधवार को प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। उसमें प्रदेश अध्यक्ष संध्या सवालाखे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

पत्रकार वार्ता समाप्त होने पर शहर अध्यक्ष नंदा पराते प्रेस क्लब परिसर में असंतोष व्यक्त करने लगी। उन्होंने कहा-शहर अध्यक्ष की जरुरत ही न हो तो बता दीजिए। हमको पत्रकार वार्ता से भी क्यों दूर रखा जा रहा है। पराते के साथ अन्य पदाधिकारी भी थी। मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा में पराते ने कहा-नागपुर में महिला कांग्रेस का कार्यक्रम है लेकिन महिला कांग्रेस की शहर अध्यक्ष को ही नजरअंदाज किया जा रहा है। 3 माह से विविध आंदोलन कर रही हूं लेकिन संगठन मामले में मुझे कोई जानकारी नही दी जाती है। प्रदेश कांग्रेस में शहर की महिलाओं को शामिल भी नहीं किया गया है। मुझे न जाने क्यों नजरअंदाज किया जा रहा है। पत्रकार वार्ता के लिए मेरे को कोई सूचना नहीं दी गई। यहां तक कि यह भी नहीं बताया जा रहा है कि पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा नागपुर में आयी है तो कहां पर है।

ग्रुप में मैसेज : प्रदेश अध्यक्ष संध्या सवालाखे ने कहा कि पत्रकार वार्ता के बारे में वाट्सएप ग्रुप पर मैसेज डाला गया था। शहर अध्यक्ष को उन्हीं ने नियुक्त किया इसलिए उनको नजरअंदाज करने का कारण नहीं है। कोई गलतफहमी हुई होगी, उसे दूर कर लिया जाएगा।

असल में लोकसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद नंदा पराते को शहर अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद से असंतोष खुलकर सामने दिख रहा है। पराते का नियुक्ति पत्र सोशल मीडिया पर जारी हुआ लेकिन तब प्रदेश अध्यक्ष सवालाखे उस नियुक्ति के प्रति अनभिज्ञता दर्शा रही थी। बाद में उन्होंने नियुक्ति को स्वीकार किया। पूर्व शहर अध्यक्ष नैश अली कई कार्यक्रमों में अपने नाम के साथ शहर महिला कांग्रेस लिखती रही है। लिहाजा माना जा रहा है कि नंदा पराते व नैश अली के बीच राजनीतिक स्पर्धा चल रही है।

Created On :   28 Aug 2024 1:07 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story