जलसंकट: कुएं पर लगाया ताला, पेयजल को लेकर टेंशन, सिरसपेठ में कम पानी आने से परेशानी

कुएं पर लगाया ताला, पेयजल को लेकर टेंशन, सिरसपेठ में कम पानी आने से परेशानी
  • जलापूर्ति के बारे में जानकारी नहीं
  • दुरूपयोग होने के कारण लगाया ताला

डिजिटल डेस्क, नागपुर. शहर के अशोक चौक के समीप सिरसपेठ में ओसीडब्ल्यू की ओर से कम जलापूर्ति होने से नागरिकों में तनाव होने लगा है। परिसर में ओसीडब्ल्यू की ओर से सुबह 1 घंटा और शाम को 30 मिनट जलापूर्ति हो रही है। ऐसे में पर्याप्त पानी नहीं मिलने से सार्वजनिक कुएं से पानी लेने को मजबूर होना पड़ रहा है, लेकिन गांधीबाग जोन की ओर से सार्वजनिक कुएं से जलापूर्ति की व्यवस्था को लेकर अब नागरिकों में तनाव दिख रहा है। परिसर के कावड़कर परिवार ने बेवजह कई मर्तबा कुएं की मोटर चलाने को लेकर रविवार की सुबह ताला लगा दिया है। ताला लगाने से अन्य नागरिकों को दिक्कत होने की शिकायत हो रही है। हैरानी यह है कि पूरे मामले में मनपा के गांधीबाग जोन और ओसीडब्ल्यू के अधिकारी जानकारी होने से इंकार कर रहे हैं।

इनका है कहना जानकारी लेता हूं

गणेश राठौड़, सहायक आयुक्त, गांधीबाग जोन, मनपा के मुताबिक संभावना है कि सिरसपेठ इलाके में जलापूर्ति के लिए ओसीडब्ल्यू की ओर से व्यवस्था की गई हो, लेकिन जोन के अधिकारियों से मामले की जानकारी लेता हूं।

जलापूर्ति के बारे में जानकारी नहीं

अशफाक कुरैशी, जोन मैनेजर, ओसीडब्ल्यू के मुताबिक सिरसपेठ इलाके में प्रतिदिन दो मर्तबा जलापूर्ति की व्यवस्था ओसीडब्ल्यू ने की है। ऐसे में सार्वजनिक कुएं से जलापूर्ति के बारे में कोई भी जानकारी नहीं है।

दुरूपयोग होने के कारण लगाया ताला

अतुल कावड़कर, नागरिक के मुताबिक परिसर के नागरिक कभी भी अपनी सुविधा के मुताबिक नल कनेक्शन के लिए मोटर चालू कर देते हैं। ऐसे में पानी का दुरूपयोग होने के साथ ही अन्य नागरिकों को उपलब्ध नहीं होता है। ऐसे में रविवार की सुबह ताला लगाया गया था, लेकिन नागरिकों की मांग के बाद ताला हटा दिया गया। ओसीडब्ल्यू की ओर से पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने से इलाके में परेशानी हो रही है।


Created On :   3 Jun 2024 1:58 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story