मांगों की अनदेखी: विदर्भवादी महिला कार्यकर्ता की तबीयत बिगड़ी, न नेताओं ने सुध ली न प्रशासन हालचाल पूछने पहुंचा

विदर्भवादी महिला कार्यकर्ता की तबीयत बिगड़ी, न नेताओं ने सुध ली न प्रशासन हालचाल पूछने पहुंचा
  • मस्की दंपति के अनोखे आंदोलन की राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा
  • स्वयं को बेड़ियों में बांधकर पिंजरे में बंद करते रहे हैं
  • किसी के सुध न लेने पर जताया अफसोस

डिजिटल डेस्क , नागपुर। विदर्भ राज्य निर्माण की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलन कर रही शोभा मस्की की तबियत बिगड़ गई है। उन्हें मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लेकिन उनकी ना तो किसी नेता ने सुध ली है। ना ही प्रशासन की ओर से हालचाल पूछा गया है। विदर्भवादी कार्यकर्ताओं ने इस उदासीनता पर अफसोस जताया है। शोभा मस्की ओर उनके पति बाबाराव दंपति विदर्भ राज्य निर्माण आंदोलन के तहत स्वयं को बेड़ियों में बांधकर पिंजरे में बंद करते रहे हैं। वे दर्शाते रहते हैं कि महाराष्ट्र में विदर्भ की हालत पिंजरे में जंजीर से जकड़े लोगों के समान है। मस्की दंपति के इस अनोखे आंदोलन की राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा होती रही है।

विदर्भवादी कार्यकर्ता मुकेश मासुरकर के अनुसार विदर्भ राज्य निर्माण की मांग के साथ 15 अगस्त 2024 से जय विदर्भ पार्टी की ओर से शोभा मस्की पिंजरे में जंजीर से बंधकर आमरण अनशन कर रही है। 7 दिन तक प्रशासन ने उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछताछ भी नहीं की। शोभा मस्की को रक्तदाब की शिकायत रहती है। उन्हें प्रतिदिन भोजन के बाद दवा की गोली खानी पड़ती है। लेकिन अन्न त्याग करने से 7 दिन तक उन्होंने दवाएं नहीं खायी। इससे उनका रक्तदाब बढ़ा और स्वास्थ्य बिगड़ा। उन्हें मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया। वे उपचार के दौरान भी विदर्भ राज्य निर्माण की मांग कर रही है। शोभा मस्की ने कहा है-मैं अनशन नहीं तोड़ूंगी। मेरी संतान नहीं है। विदर्भ की ढाई करोड जनता मेरा परिवार है।

पहले भी उपेक्षा : विदर्भ राज्य निर्माण की मांग के साथ कई नेता सत्ता में पहुंचे। विधायक, सांसद व मंत्री बने लेकिन अब आंदोलन की उपेक्षा इस कदर होने लगी है कि कार्यकर्ताओं की कोई सुध नहीं ले रहा है। मस्की दंपति ने 11 अगस्त से 14 अगस्त तक अनशन किया लेकिन तब शासन प्रशासन को कोई प्रतिनिधि भी उनसे मिलने नहीं गया। 27 दिसंबर 2023 से 1 जनवरी 2024 तक 17 कार्यकर्ताओं ने अनशन किया लेकिन उनकी भी सुध नहीं ली गई।

Created On :   24 Aug 2024 2:21 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story