- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- हत्या की वारदातों में गिरफ्तार...
मर्डर केस: हत्या की वारदातों में गिरफ्तार आरोपियों का रिमांड

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर में हत्या की दो वारदातों में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों को संबंधित थाने की पुलिस ने न्यायालय में पेश कर उनका पुलिस रिमांड हासिल किया है। हत्या की दोनों घटनाएं अलग- अलग स्थानों पर हुईं। तहसील में प्रापर्टी डीलर जमील अहमद और सक्करदरा में अनुसुया उर्फ दिव्या गजाम की हत्या करनेवाले आरोपियों को न्यायालय ने 1 नवंबर तक और सक्करदरा में पत्नी की हत्या करनेवाले आरोपी पति को 28 अक्टूबर तक पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया है। प्रापर्टी विवाद के चलते कुख्यात अपराधी आबू खान के भांजे मोहम्मद परवेज ने अपने साथी सलमान खान और आशीष बिसेन के साथ मिलकर जमील के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। सक्करदरा में दिव्या नामक मजदूर महिला की उसके पति श्यामकिशोर गजाम ने शक के चलते उसकी हत्या कर दी थी।
7 दिन का पीसीआर : तहसील थानांतर्गत मोमिनपुरा में एक प्रापर्टी डीलर की उसी के गेस्ट हाउस में सिर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक जमील अहमद की हत्या के आरोप में पुलिस ने आरोपी मोहम्मद परवेज सोहेल मोहम्मद हारून (37) मोमिनपुरा, (चूड़ी गली, तहसील नागपुर), सलमान खान समशेर खान पठाण (27) हसनबाग दानिश लॉन के पास नंदनवन, नागपुर और आशीष सोहनलाल बिसेन (18) खरबी चौक, सुमित बार के पास मुरलीनंदन नगर गली नंबर 1, नंदनवन नागपुर निवासी को गिरफ्तार किया है। इन तीनों आरोपियों को तहसील पुलिस ने गुरुवार को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने तीनों आरोपियों को 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया है।
अवैध संबंध के शक में पत्नी को मार डाला : सक्कदरा क्षेत्र में अपनी पत्नी अनुसुया उर्फ दिव्या गजाम की हत्या उसके पति श्यामकिशोर तेजलाल गजाम को सक्कदरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी श्यामकिशोर गजाम को गुरुवार को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने आरोपी श्यामकिशोर तेजलाल गजाम (28) भजियापार, कटंगी बालाघाट निवासी को 3 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया है। आरोपी अपनी पत्नी अनुसुया उर्फ दिव्या गजाम के चरित्र पर संदेह करता था। इसके चलते उसने उसकी हत्या कर फरार हो गया था। हत्या के बारे में पता चलने पर सक्करदरा पुलिस ने आरोपी को धरदबोचा। दिव्या का किसी युवक के साथ अवैध संबंध होने का संदेह होने पर उसने उसे मौत के घाट उतार दिया था। इस मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार किया गया है।
Created On :   27 Oct 2023 4:10 PM IST