Nagpur News: समृद्धि पर हर तीसरे दिन एक मौत,202 लोगों ने गंवाई है जान , 629 दिन में 2161 हादसे

समृद्धि पर हर तीसरे दिन एक मौत,202 लोगों ने गंवाई है जान , 629 दिन में 2161 हादसे
  • हाईवे पुलिस का शपथ-पत्र
  • 800 से अधिक लोग घायल, जिनमें से 663 गंभीर
  • सबसे ज्यादा 829 दुर्घटनाएं नागपुर रेंज में

Nagpur News समृद्धि हाई-वे पर जानलेवा दुर्घटना और अपर्याप्त सुरक्षा उपायों के मुद्दे पर बॉम्बे हाई कोर्ट की नागपुर खंडपीठ में एक जनहित याचिका दायर है। बुधवार को हुई सुनवाई में हाई-वे सिक्योरिटी पुलिस की ओर से दायर शपथ-पत्र के अनुसार, समृद्धि शुरू होने के बाद से 629 दिन में इस मार्ग पर 2161 दुर्घटनाएं हुई, इसमें 202 लोगों ने जान गंवाई है। यानी समृद्धि पर औसतन हर तीसरे दिन एक व्यक्ति की मौत होने की बात सामने आई है।

इससे दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं : याचिका पर बुधवार को न्या. भारती डांगरे और न्या. अभय मंत्री के समक्ष सुनवाई हुई। नागपुर खंडपीठ में अनिल वडपल्लीवार ने यह जनहित याचिका दायर की है। याचिका के अनुसार, वीएनआईटी द्वारा इस हाई-वे की अध्ययन रिपोर्ट से पता चलता है कि सड़क सुरक्षा के संबंध में आईआरसी द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार समृद्धि पर हरियाली और अन्य सुरक्षा उपायों की कमी के कारण दुर्घटनाएं हो रही हैं।

शपथ-पत्र की अहम बातें : सुनवाई के दौरान आरटीओ, राज्य सड़क निगम, हाई-वे सिक्योरिटी पुलिस तथा एचवी एवं बीपी पेट्रोल कंपनियों द्वारा शपथ-पत्र प्रस्तुत किये गये। -हाई-वे पुलिस के मुताबिक, 11 दिसंबर 2022 से 31 अगस्त 2024 तक समृद्धि हाई-वे पर कुल 2161 दुर्घटनाएं हुईं। इनमें 115 घातक थीं।

अब तक 202 लोगों ने जान गंवाई है। 1,800 से अधिक लोग घायल हुए, जिनमें से 663 गंभीर और 1,134 मामूली रूप से घायल हुए।

सबसे ज्यादा 829 दुर्घटनाएं नागपुर रेंज के अंतर्गत हुईं। इसमें 111 लोगों की मौत हुई।

13 नवंबर को अगली सुनवाई : याचिकाकर्ता की ओर से एड. श्रीरंग भांडारकर और राज्य सरकार की ओर से मुख्य सरकारी वकील तथा वरिष्ठ विधिज्ञ देवेन चौहान ने पैरवी की। कोर्ट ने मामले में 13 नवंबर को अगली सुनवाई रखी है।

24 में से 16 पेट्रोल पंप कार्यरत : हाई-वे पर रुकने और शौचालय की सुविधा नहीं है। कुछ जगहों पर शौचालय हैं, तो उनकी हालत बेहद खराब है। इसलिए कोर्ट ने पेट्रोल कंपनियों को प्रतिवादी करने का आदेश दिया था। पेट्रोल कंपनियों ने बताया कि, समृद्धि हाई-वे पर पेट्रोल पंपों के लिए कुल 24 स्थान तय किए गए हैं। वर्तमान में इनमें से 16 स्थानों पर पेट्रोल पंप कार्यरत हैं और यहां पुरुषों और महिलाओं के लिए शौचालय की सुविधा है। मिली शिकायतों के अनुसार साफ-सफाई पर जोर दिया जा रहा है।

स्टॉपेज की विस्तृत योजना पेश करें : कोर्ट ने आदेश दिया कि राज्य सड़क निगम इस मार्ग पर पड़ने वाले स्टॉपेज की विस्तृत योजना पेश करें। कोर्ट ने आदेश दिया कि याचिकाकर्ता भी हाई-वे का दौरा करें और वहां आने वाली समस्याएं और तथ्य पेश करें।

9510 कारों पर कार्रवाई : हाई-वे पुलिस के शपथ-पत्र के अनुसार, अब तक कुल 9510 कारों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई है। करीब 12 करोड़ रुपए का जुर्माना भी वसूला गया है। आरटीओ के मुताबिक, अब तक इस रूट पर चलने वाले कुल 1,94,014 वाहनों की जांच की जा चुकी है। सड़क सम्मोहन के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए 454 स्थानों पर अलग-अलग रंगों के झंडे लगाए गए हैं।

Created On :   26 Sept 2024 7:12 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story