Nagpur News: मनीष नगर में शीघ्र बनेगी तीसरी कनेक्टिविटी, यातायात समस्या होगी दूर - फडणवीस

मनीष नगर में शीघ्र बनेगी तीसरी कनेक्टिविटी, यातायात समस्या होगी दूर - फडणवीस
  • लोगों को जल्द मिलेगी सुविधा
  • तीसरे फ्लाई ओवर को मंजूरी

Nagpur News. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मनीष नगर की कनेक्टिविटी समस्या पिछले बीस-पच्चीस वर्षों से क्षेत्र को परेशान कर रही थी। इस समस्या से निपटने के लिए इस क्षेत्र में एक फ्लाईओवर का निर्माण किया गया था, लेकिन इससे समस्या का पूरी तरह समाधान नहीं हो सका था। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की संकल्पना से इस क्षेत्र में दूसरी कनेक्टिविटी शुरू करने का निर्णय लेकर आरयूबी का निर्माण किया गया। इससे मनीष नगर की यातायात समस्या दूर होने में मदद मिलेगी।

लोगों को जल्द मिलेगी सुविधा

मुख्यमंत्री फडणवीस मनीष नगर आरयूबी के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे। अध्यक्षता केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी ने की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से वित्त राज्य मंत्री आशीष जायसवाल, लोक निर्माण राज्य मंत्री (सार्वजनिक उपक्रमों को छोड़कर) इंद्रनील नाईक, विधायक कृपाल तुमाने, महा मेट्रो के प्रबंध निदेशक श्रावण हर्डिकर, मनपा आयुक्त अभिजीत चौधरी उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि सभी ने मिलकर इस चुनौतीपूर्ण काम को पूरा किया है। जिसमें महा मेट्रो भी शामिल है, जिसने यह कनेक्टिविटी बनाई है। जल्द ही इस क्षेत्र में मनीष नगर को जोड़ते हुए तीसरी कनेक्टिविटी बनाएंगे।

तीसरे फ्लाई ओवर को मंजूरी

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी ने कहा कि एक अंडरपास बनाया था। लेकिन इससे समस्या हल नहीं हुई थी। इसलिए एक दूसरी परियोजना की योजना बनाई गई। नए अंडरपास के लिए स्थल का चयन कर लिया गया और कार्य महामेट्रो को सौंप दिया गया। अब महाराष्ट्र सरकार ने तीसरे फ्लाईओवर को मंजूरी दे दी है। यह फ्लाईओवर सीधे रेडिसन होटल के पास उतरेगा। जिससे भविष्य में मनीषनगर, बेसा और बेलतरोड़ी के नागरिकों को अधिक सुविधा होगी। इस क्षेत्र में एक रेलवे फाटक था। 170 ट्रेनें चलने से नागरिकों को असुविधा हो रही थी। अब नए अंडरपास से यह समस्या हल हो गई है।

लागत 33.83 करोड़

सोमलवाड़ा (मनीष नगर) आरयूबी प्रोजेक्ट की कुल लागत 33.83 करोड़ रुपये है। आरयूबी 190 मीटर लंबा, 8 मीटर चौड़ा तथा 4 मीटर ऊंचा है। आरयूबी का निर्माण लगातार व्यस्त रहने वाली मुंबई-हावड़ा और दिल्ली-चेन्नई रेलवे लाइनों पर किया गया है। इस अंडरब्रिज में पैदल यात्रियों के लिए अलग से पैदल पथ की भी व्यवस्था की गई है। आरयूबी मनीषनगर क्षेत्र और वर्धा मार्ग के बीच अच्छी कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। इससे मनीषनगर, बेसा, घोगली और बेलतरोड़ी के नागरिकों को लाभ होगा।

Created On :   29 Jan 2025 6:01 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story