Nagpur News: नागपुर के 12 से 14 स्थानों पर होगा पीएम मोदी का स्वागत

नागपुर के 12 से 14 स्थानों पर होगा पीएम मोदी का स्वागत
  • रोड शो की तैयारी में जुटी भाजपा
  • भाजपा संगठन पर्व मना रही

Nagpur News गुढीपाडवा के मौके पर 30 मार्च को नागपुर दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 12 से 14 स्थानों पर स्वागत किया जाएगा। भाजपा संगठन पर्व मना रही है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपनी स्थापना का शताब्दी वर्ष मना रहा है। ऐसे में मोदी के इस दौरे को भाजपा व संघ के कार्यकर्ता यादगार बनाने की तैयारी में जुटे हैं। भाजपा ने पीएम के रोड शो की तैयारी भी की है।

दो विधानसभा क्षेत्र दायरे में : प्रधानमंत्री मोदी विमानतल से सीधे रेशमबाग स्थित संघ मुख्यालय जाएंगे। उसके बाद दीक्षाभूमि को भेंट देंगे। बाद में माधव नेत्रालय के विस्तारित भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम में सहभागी होंगे। उल्लेखनीय है कि ये तीनों स्थल दक्षिण-पश्चिम व दक्षिण नागपुर विधानसभा क्षेत्र में हैं। अर्थात प्रधानमंत्री का दौरा दो विधानसभा क्षेत्र में होगा। शेष 4 विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को भी अलग-अलग स्थानों पर स्वागत की जिम्मेदारी दी गई है।

फूल की पंखुड़ियों की वर्षा : एक दिन पहले टेका नाका परिसर के आनंद प्रहलाद लॉन में उत्तर नागपुर की बैठक हुई। उसमें मोदी के स्वागत कार्यक्रम की जानकारी दी गई है। विविध स्थानों पर मोदी पर फूल की पंखुड़ियों की वर्षा की जाएगी। स्वागत गेट लगाए जाएंगे। हिंदू नववर्ष के मौके पर युवा व महिला कार्यकर्ता परंपरागत पोशाक में मोदी का स्वागत करेंगे। भाजपा की विविध आघाड़ियों के पदाधिकारियों के अलावा बूथ व शक्ति प्रमुखों को स्वागत की जिम्मेदारी दी गई है।

सुरक्षा कारणों से पेड़ों की छंटाई : 30 मार्च को प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर शहर में तैयारियां जोर-शोर से हो रही है। सुरक्षा कारणों से रेशिमबाग मैदान से लोकांची शाला चौक तक करीब 20 से अधिक पेड़ों की छंटाई की गई है। इन पेड़ों की शाखाओं को छांटकर रास्ते और आसमान से हवाई निरीक्षण की सुगमता के लिए तैयार किया गया है। उद्यान विभाग के अधिकारियों के मुताबिक सुरक्षा कारणों को लेकर प्रशासन के निर्देश पर छंटाई की गई है।


Created On :   27 March 2025 11:20 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story