Nagpur News: भाजपा ने 2 विधानसभा सदस्यों की टिकट काटी, 2 विधानपरिषद सदस्य को मौका

भाजपा ने 2 विधानसभा सदस्यों की टिकट काटी, 2 विधानपरिषद सदस्य को मौका
  • 2 विधानपरिषद सदस्य को टिकट दी
  • 2 विधानसभा सदस्य की टिकट काट दी
  • एक पूर्व विधायक को फिर से मौका दिया

Nagpur News : भाजपा ने नागपुर जिले में 2 विधानसभा सदस्य की टिकट काट दी है। लेकिन 2 विधानपरिषद सदस्य को टिकट दी है। एक पूर्व विधायक को फिर से मौका दिया है। जिले में भाजपा के 3 बड़े नेता केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस व प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले रहते हैं। लेकिन टिकट घोषित करने के मामले में भाजपा को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी है। नामांकन दाखिल करने की अवधि समाप्त होने के एक दिन पहले जिले में 5 सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित किए गए हैं। मध्य नागपुर में विधायक विकास कुंभारे के स्थान पर विधानपरिषद सदस्य प्रवीण दटके को उम्मीदवारी दी गई है। कामठी में विधायक टेकचंद सावरकर के स्थान पर चंद्रशेखर बावनकुले उम्मीदवार बनाए गए हैं। 2019 में दक्षिण नागपुर में विधायक रहते हुए उम्मीदवारी से वंचित रहे सुधाकर कोहले को पश्चिम नागपुर विधानसभा क्षेत्र की उम्मीदवारी दी गई है। सावनेर में पराजित होने के बाद काटोल क्षेत्र से विधायक रहे आशीष देशमुख को एक बार फिर से सावनेर का टिकट दिया गया है।

बावनकुले व दटके रहे हैं चर्चा में

विधानपरिषद सदस्य चंद्रशेखर बावनकुले व प्रवीण् दटके चर्चा में रहे हैं। कामठी में 3 बार विधायक रहे बावनकुले को 2019 में टिकट नहीं दी गई थी। लेकिन बाद में उन्हें विधानपरिषद की नागपुर स्थानीय निकाय संस्था सीट से उम्मीदवारी देकर विधानपरिषद में भेजा गया। प्रवीण दटके भी विधानसभा की टिकट के इच्छुक थे। 2019 में टिकट नहीं मिलने पर दटके समर्थकों ने मध्य नागपुर में जमकर असंतोष व्यक्त किया था। कोरोना काल में दटके को विधानपरिषद सदस्य चुना गया। मध्य नागपुर में लगातार 3 बार विधायक चुने गए विकास कुंभारे के स्थान पर इस बार दटके भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ेंगे।

भाजपा की टिकट को लेकर सबसे अधिक पेंच पश्चिम नागपुर में फंसा था। गडकरी समर्थक पूर्व महापौर दयाशंकर तिवारी ने हिंदीभाषी चेहरा के तौर पर खुद की दावेदारी आगे बढ़ायी थी। उपमुख्यमंत्री कक्ष में फडणवीस के सचिव व पूर्व महापौर संदीप जोशी भी टिकट दावेदार थे। जोशी, तिवारी के समर्थन में जमकर जोरआजमाइस देखी गई लेकिन भाजपा के शहर अध्यक्ष से ग्रामीण के अध्यक्ष बनाए गए सुधाकर कोहले को पश्चिम नागपुर की टिकट दी गई। यह सीट नागपुर शहर की 6 सीट में शामिल है।

Created On :   28 Oct 2024 1:46 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story