Nagpur News: मार्च में मई जैसे गर्म थपेड़े, पारा 40 के पार - कल से गिरावट की संभावना

मार्च में मई जैसे गर्म थपेड़े, पारा 40 के पार - कल से गिरावट की संभावना
  • दो दिन बाद बूंदाबांदी के आसार
  • विदर्भ में चंद्रपुर दूसरे दिन भी सबसे गर्म रहा
  • मार्च में मई जैसे गर्म थपेड़े

Nagpur News. पिछले चार दिन से नागपुर का पारा 40 डिग्री से अधिक बना हुआ है। मार्च में ही मई जैसी झुलसाने वाली गर्मी का एहसास हो रहा हैै। रविवार को नागपुर का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

चंद्रपुर सबसे गर्म

विदर्भ में चंद्रपुर दूसरे दिन भी सबसे गर्म रहा। रविवार को चंद्रपुर के तापमान में मामूली गिरावट आई, लेकिन 41.6 डिग्री सेल्सियस के साथ विदर्भ में सबसे गर्म रहा। 18 मार्च से नागपुर समेत पूरे विदर्भ में तापमान में कमी आने की संभावना है। विदर्भ के कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने आैर कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिणी हवा का दौर सोमवार तक रह सकता है। सोमवार को नागपुर का तापमान 40 डिग्री के आसपास रह सकता है। यानी सोमवार को भी गर्मी सताएगी। मंगलवार से तापमान मंे गिरावट आने की संभावना है। उत्तर से हवा आने की संभावना है। दक्षिण की हवा जहां गर्म होती है, वहीं उत्तरी हवा ठंडी होती है। इस कारण तापमान में गिरावट आने के साथ ही 18 मार्च को तापमान में कमी आने की आैर 19 मार्च को गरज-चमक के साथ जिले में एक-दो स्थानों पर बूंदाबांदी हो सकती है। गर्मी से राहत मिल सकती है।

गर्मी का असर... ओपीडी में रोजाना 300 मरीज बढ़े

उधर सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। गर्मी की शुरुआत से ही दो बड़े सरकारी अस्पतालों में मरीजों की संख्या हर रोज के मुकाबले 300 से अधिक बढ़ी है। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय व अस्पताल (मेडिकल) व इंदिरा गांधी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय व अस्पताल (मेयो) की मिलाकर प्रतिदिन की औसत ओपीडी 3700 है। अब यह बढ़कर 4000 से अधिक हो चुकी है।

बढ़ेंगी सुविधाएं

गर्मी के दिनों में उष्माघात के मरीजों की संख्या बढ़ती है। अप्रैल महीने के अंत या मई की शुरुआत से ही उष्माघात के मरीज उपचार के लिए आते हैं। इस साल मार्च महीने से ही गर्मी ने असर दिखाना शुरू किया है। हालांकि इस समय उष्माघात के मरीज नहीं अा रहे, लेकिन एलर्जी व खुजली के मरीज आ रहे हैं।

आंकड़े कर रहे पुष्टि

  • 2100 मरीज औसतन मेडिकल की ओपीडी में हर रोज आते हैं।
  • 2300 से अधिक मरीज यहां मौसम बदलते ही दर्ज किए जा रहे हैैं।
  • 1600 के करीब मरीज औसतन मेयो के ओपीडी में रोज आते हैं
  • 1700 से अधिक मरीज इन दिनों यहां दर्ज किए जा रहे हैं
  • 300 मरीजों की संख्या दोनों सरकारी अस्पतालों में बढ़ी है।

कोल्ड वार्ड में 24 घंटे टीम

  • त्वचा रोग विभाग की ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ चुकी है। यहां ओपीडी प्रतिदिन 300 है। अब यह 400 से अधिक हो चुकी है। धूप से एलर्जी, रैशेस, सनबर्न आदि के मरीज आ रहे हैं।
  • नेत्ररोग विभाग में भी आंखों की एलर्जी के मरीज में बढ़ चुके हैं। इसमें गर्मी के कारण आंखें लाल होना समेत अन्य एलर्जी के मरीजों का समावेश है।
  • मेयो व मेडिकल में उष्माघात से बचाव के लिए कोल्ड वार्ड तैयार किया जा रहा है। डॉक्टरों व अन्य टीम को अलर्ट रहने की सूचनाएं दी गई है। यहां 24 घंटे अलग-अलग टीम कार्यरत रहेगी।


Created On :   17 March 2025 6:42 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story