Nagpur News: गडकरी ने कहा - किसी भी मामले में तारीखों का निर्धारण निश्चित हो

  • शताब्दी वर्ष में ही नए भवन की आधारशिला रखें : फडणवीस
  • अग्रणी कॉलेज बनेगा : डॉ. बाेकारे
  • मौलिक सिद्धांतों को कभी नहीं बदला जा सकता

Nagpur News. भारत का लोकतंत्र संविधान पर आधारित है। लोगों को हमारे संविधान और न्यायिक प्रणाली पर भरोसा है। हालांकि, अगर आम आदमी को न्याय मिलने में देरी होती है तो यह एक तरह से अन्याय है। न्याय की प्रक्रिया में तेजी लाने की जरूरत है। इसलिए एक मामले में वकील द्वारा कितनी तारीखें मांगी जाएं यह निर्धारित किया जाना चाहिए, यह विचार केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी ने व्यक्त किए। डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर लॉ कॉलेज का शताब्दी वर्ष समारोह का उद्धाटन मंगलवार को किया गया। इस समय प्रमुख अतिथि के रूप में नितीन गडकरी मार्गदर्शन कर रहे थे। इस शताब्दी वर्ष समारोह के उद्धाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथी के तौर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राज्यमंत्री आशिष जयस्वाल, इंद्रनिल नाईक, सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायमूर्ति विकास सिरपुरकर, नागपुर विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलगुरू डॉ. प्रशांत बोकारे, प्रभारी प्र-कुलगुरू डॉ. राजेंद्र काकडे, कुलसचिव डॉ. राजू हिवसे, लॉ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रविशंकर मोर, राज्यपाल नामित व्यवस्थापन परिषद सदस्य डॉ. समय बनसोड और वामन तुर्के व्यासपीठ पर उपस्थित थे। इस कार्यक्रम में बॉम्बे हाई कोर्ट की नागपुर खंडपीठ के न्यायमूर्ति, वकील, कॉलेज के प्राेफेसर और विधी छात्र बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

मौलिक सिद्धांतों को कभी नहीं बदला जा सकता

इस अवसर पर पुरानी यादों को उजागर करते हुए नितिन गडकरी ने कहा कि, इस लॉ कॉलेज के पूर्व छात्र के रूप में, मुझे इस समारोह पर खुशी और गर्व महसूस हो रहा है। इस कॉलेज का इतिहास गौरवशाली रहा है। इस कॉलेज के पूर्व विद्यार्थियों का कार्य, समर्पण और नेतृत्व न केवल देश नहीं बल्कि दुनिया के सामने गया है। गडकरी ने आपातकाल के दौर पर भी प्रकाश डाला और कहा कि लोकतंत्र में मौलिक सिद्धांत बहुत महत्वपूर्ण होते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि, संविधान के मौलिक सिद्धांतों को कभी नहीं बदला जा सकता।

शताब्दी वर्ष में ही नए भवन की आधारशिला रखें : फडणवीस

लॉ कॉलेज के इस शताब्दी वर्ष में, नए भवन की आधारशिला रखकर कार्य प्रारंभ करें। साथ ही संकल्प करें कि नए लॉ कॉलेज भवन का निर्माण अगले साढ़े तीन वर्षों में पूरा कर लिया जाए। इस नए भवन के निर्माण के लिए निधी की कोई कमी नहीं पड़ने देंगे, ऐसा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आश्वासन दिया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि, पूर्व छात्र के नाते मेरे जैसे कई लोगों की भावनाए पुराने लॉ कॉलेज के भवन से जुड़ी है। इसलिए, उन्होंने पुराने को संरक्षित रखने और नए का निर्माण करने की अपील की। इसके अलावा इस कॉलेज से सामाजिक जिम्मेदारी समझने वाले वकील तैयार हो, एेसी इच्छा भी जताई।

अग्रणी कॉलेज बनेगा : डॉ. बाेकारे

लॉ कॉलेज के 100 वर्ष पूरे होना समाज की समृद्धि का प्रमाण है। यह यात्रा कई लोगों की कड़ी मेहनत से संभव हुई है। इसमें कोई संदेह नहीं कि, अगले 5 से 7 वर्षों में यह लॉ कॉलेज देश का अग्रणी कॉलेज बनेगा। इस लॉ कॉलेज का शैक्षणिक स्तर विश्वस्तरीय होगा, ऐसा विश्वास नागपुर विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलगुरु डॉ. प्रशांत बोकारे ने व्यक्त किया।


Created On :   29 Jan 2025 5:46 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story