- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- आशियाना हुआ महंगा, रेडी रेकनर का...
Nagpur News: आशियाना हुआ महंगा, रेडी रेकनर का असर, मौजूदा दर में 5-6 फीसदी की वृद्धि

- शहर में औसत 4 प्रतिशत इजाफा
- ग्रामीण सीमाएं होगी महंगी
Nagpur News महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रही जनता को सरकार ने एक और झटका दिया। घर खरीदना व बनाना सरकार ने और महंगा कर दिया है। 3 साल बाद बढ़ाए गए रेडी-रेकनर दरों में सरकार ने शहर में औसत 4 प्रतिशत की वृद्धि की है। इसका असर हर इलाके अनुसार अलग-अलग होगा। हर इलाके में 5-6 प्रतिशत की वृद्धि संभावित मानी जा रही है। जो भी मौजूदा दर है, उसमें 6 प्रतिशत वृद्धि संभव है।
ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से विस्तार : विशेषकर शहर से लगी ग्रामीण सीमा में इसका ज्यादा असर दिख सकता है। शहर में फिलहाल खरीदी-बिक्री की क्षमता को देखते हुए शहरी सीमा पर तेजी से विस्तार देखा जा रहा है। खासकर मनीषनगर, बेसा-बेलतरोडी, खापरी, बुटीबोरी, वाठोडा, पारडी, कलमना, वाडी, भिलगांव आदि ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से विस्तार होता दिख रहा है। फिलहाल प्रशासन के पास सरकार द्वारा मंजूर किए गए मौजा अनुसार अभी आंकड़ों की अधिकृत सूची नहीं आने से स्पष्टता नहीं आ पाई है। लेकिन रियल इस्टेट से जुड़े जानकार प्रापर्टी में 6 से 7 प्रतिशत की वृद्ध मानकर चल रहे है। ऐसे में आने वाले दिनों में मकानों की रजिस्ट्री और खरीदी-बिक्री पर सीधा इसका असर दिखेगा।
प्रॉपर्टी की कीमतें बढ़ेंगी : सरकार ने 3 साल बाद रेडी रेकनर की दर बढ़ाई है। इस वृद्धि का असर शहर के कुछ ही इलाकों में दिखाई देगा, लेकिन सरकार ने इस साल कंस्ट्रक्शन कॉस्ट में भी बढ़ोतरी की है। पहले कंस्ट्रक्शन कॉस्ट 26620 रुपए प्रति मीटर हुआ करती थी, लेकिन 1 अप्रैल से 27951 रुपए हो गई है। इसका असर प्रॉपर्टी की कीमतों पर ज्यादा पड़ेगा, जबकि रेडी रेकनर दर का असर धरमपेठ, रामदासपेठ जैसे इलाकों में ही दिखेगा। - गौरव अग्रवाल अध्यक्ष, क्रेडाई नागपुर
मार्केट स्लो होने की संभावना : रेडी रेकनर दर बढ़ने से प्रॉपर्टी की कीमतें बढ़ेगी, जिससे प्रापर्टी मार्केट के स्लो होने की संभावना दिख रही है। सरकार ने इस साल भी रेडी रेकनर की दरें नहीं बढ़ानी चाहिए थी। - राजेंद्र आठवले, अध्यक्ष, बिल्डर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया
Created On :   2 April 2025 12:17 PM IST