अधिसूचना: नागपुर मनपा ने फेज-4 के सिमेंट रास्तों में जल और वृक्ष संवर्धन किया अनिवार्य

नागपुर मनपा ने फेज-4 के सिमेंट रास्तों में जल और वृक्ष संवर्धन किया अनिवार्य
  • सिमेंट रास्तों में भी अब जल जमाव संभव
  • नागपुर मनपा ने फेज-4 के रास्तों पर जारी किया निर्देश
  • जल और वृक्ष संवर्धन अनिवार्य किया

डिजिटल डेस्क, नीरज दुबे। महानगरपालिका की ओर से शहर में करीब 23 किमी क्षेत्र में 33 सिमेंट रास्तों को प्रस्तावित किया गया है। इन सिमेंट रास्तों के चलते कई इलाकों में जलजमाव और बस्तियों में बरसाती पानी के पहुंचने से नुकसान की संभावना बनी हुई है। ऐसे में मनपा की मुख्य अभियंता लीना उपाध्ये ने हाल ही में सिमेंट रास्तों के निर्माणकार्य के लिए अधिसूचना जारी की है। अधिसूचना में अनिवार्य रूप से बरसाती पानी के जमीन में संचय और वृक्ष संवर्धन को लेकर उपाययोजना करने का निर्देश दिया गया है। मनपा के जलपुर्नभरण और वृक्ष संवर्धन के प्रस्ताव को विश्वेश्वरैया राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (वीएनआईटी) के हाइड्रोलिक विभाग के प्रोफेसर ए.डी. वासुदेवन के अध्ययन के आधार पर तैयार किया गया है। शहर के दो रास्तों पर सफल प्रयोग के बाद 23 किलोमीटर में प्रस्तावित 33 सिमेंट रास्तों में तकनीक को क्रियान्वित किया जाएगा।

मनपा ने 23 किमी में प्रस्तावित सिमेंट रास्तों के लिए नई तकनीक को मंजूरी दी है। इस संबंध में मनपा की मुख्य अभियंता लीना उपाध्ये ने अधिसूचना जारी कर सभी जोन को पालन करने का निर्देश दिया है। ड्रेनेज और जलनिकासी योजना में रास्ते के दोनों किनारों से आरसीसी पाइप डाला जाएगा। जल जमाव आरंभ होने वाले इलाके से बरसाती पानी का बहाव निकलने वाले स्थान तक पाइपों को डाला जाएगा, ताकि बरसाती पानी इलाके के घरों के समीप जमा होकर नुकसान पहुंचाने की बजाय सुरक्षित रूप में बाहर निकल जाए। इसके साथ ही निचले इलाकों के घरों के समीप के हिस्से में भी 100 से 150 मिमी व्यास के प्लास्टिक पाइप को भी जोड़ा जाएगा। मनपा और वीएनआईटी का अनुमान है कि करीब 75 मिमी तक की भारी बारिश में भी तकनीक की सहायता से पानी को घरों में घुसने से रोककर सुरक्षित रूप में छोड़ा जा सकेगा।

वृक्ष संवर्धन पर भी जोर

फेज- 4 के कामों को पूरा करने के लिए दिसंबर 2025 तक की समयावधि को निर्धारित किया गया है, लेकिन मनपा के प्रोजेक्ट विभाग से कामों को दिसंबर 2024 तक पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। फुटपाथ में अंडरग्राऊंड पाइप को डालकर बरसाती जलसंचय प्रक्रिया की जाएंगी। इसके साथ ही सिमेंट रास्ते की परिधि वाले इलाकों में मौजूद वृक्ष संरक्षण भी होगा। इसके तहत पेड़ो के समीप 1 मीटर व्यास की गोलाई में बगैर कांक्रीट के रखा जाएगा। इस क्षेत्र में मिट्टी और खाद डालकर पेड़ों का संरक्षण किया जाएगा।

फेज-4 प्रोजेक्ट में 33 सड़क

सड़कों की कुल लंबाई 23.45 किमी

परियोजना के लिए मंजूर निधि 300 करोड़ रुपए

फेज-4 में 14 पैकेज

कार्यादेश राशि- 241.57 करोड़

Created On :   15 Sept 2024 11:54 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story